कार चोरी कर भाग रहे किशोर को लोगों ने दबोचा, जांच में जुटी पुलिस

Prabhat Today Network, Nov 20 , 2023



श्री बंशीधर नगर : रमना थाना क्षेत्र के सिरियाटोंगर से कार चोरी कर भाग रहे किशोर को हेन्हों मोड़ के समीप लोगों ने धर दबोच लिया। जिससे थोड़ी देर में वहां भीड़ लग गई। उधर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उक्त किशोर को भीड़ से छुड़ा कर अपने साथ थाना ले गई। घटना के संबंध में सिरियाटोंगर निवासी शमशु अंसारी ने बताया कि अपने घर के पास मारुति वैगन आर कार खड़ी किये थे। घर के लोग पास में काम कर रहे थे। इसी दौरान कार लेकर किशोर जाने लगा। परिजनों को लगा कि घर का ही कोई सदस्य कार लेकर जा रहा है। इसी दौरान सभी सदस्य घर में मौजूद होने के बाद शक हुआ। जिसके बाद कार खोजने लगे। पड़ोस के एक व्यक्ति ने बताया कि आपका कार एक लड़का लेकर नगर ऊंटारी की ओर जा रहा है। जिसके बाद परिजन उसका पीछा करने लगे। पीछा करते हुये हेन्हों मोड़ के समीप उक्त कार को पकड़ लिया गया। उधर इसकी जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस भी वहां पहुंच गई तथा मामले की जांच कर उक्त लड़के को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उक्त लड़के ने अपना परिचय उत्तर प्रदेश के नौगढ़ निवासी सूरज कुमार बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अब तक

आज का राशिफल