मेराल में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व

उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व संपन्न
घाटों पर उमडा आस्था का सैलाब।
बलराम शर्मा
मेराल : सूर्योपासना का महापर्व छठ प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। सोमवार की सुबह में उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हुआ। इस दाैरान छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यालय के प्रमुख छठ घाटों में बाजार टोला शिव मंदिर छठ घाट, नेनुआ मोड़ छठ घाट, हॉस्पिटल चौक सरस्वटिया नदी छठ घाट, स्टेशन रोड तालाब छठघाट, मुडल टोला यूरिया नदी छठ घाट के अलावे गोंदा छठ घाट, अकलवानी सूर्य मंदिर छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने व्रतियों से ठेकुआ का प्रसाद प्राप्त किया।
नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व
नहाय-खाय के साथ शुक्रवार को प्रारंभ हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व के अगले दिन शनिवार को खरना, रविवार को निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखने के बाद सोमवार की प्रातः में सभी व्रती उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के पश्चात हवन पूजन के साथ ही महाव्रत का समापन हुआ।
थाना प्रभारी ने भगवान भास्कर को दिया अर्घ्य
थाना प्रभारी नीतीश कुमार बाजार टोला शिव मंदिर छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जबकि मुड़ल टोला छठ घाट तथा नेनुआ मोड़ छठ घाट पर उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देकर अपने घर-परिवार तथा थाना क्षेत्र वासियों के सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। बता दें कि मेराल के युवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर थाना क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का दौरा कर छठ पूजा समिति के सदस्यों के साथ संपर्क बनाकर हर्षोल्लास के साथ छठ पूजा संपन्न कराने मे भरपूर सहयोग किया।
सांसद विष्णुदयाल राम ने छठ घाट पर पहुंच लोगों को दी शुभकामनाएं
पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने मेराल के कई छठ घाटों पर पहुंच कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी। वहीं मेराल के नेनुआ मोड़ छठ घाट पर सनराइज फैंस क्लब द्वारा छठ महापर्व पर अपने 17 वा भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के वरिष्ट नेता अलख नाथ पाण्डे ने श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाए दी तथा क्लब के पदाधिकारियों को भव्य आयोजन के लिए साधुवाद दिया।
वहीं मुडल टोला छठ घाट पर आयोजित देवी जागरण कार्यक्रम में कलाकारों के साथ श्रद्धालु रात भर भक्ति गीतों पर झुमते रहे। मुख्यालय के छठ घाटों पर भाजपा नेता संजय भगत, मुखिया राम सागर महतो, डॉ लालमोहन, अजय प्रसाद गुप्ता, विनोद कुशवाहा, विजय प्रसाद, धनंजय चौधरी, विनोद चौधरी, मुखिया पति मुन्ना राम, नाथून राम, वीरेंद्र प्रसाद सहित सैकड़ो युवा, समाजसेवी श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर रहे।