वायरल ऑडियो के मामले में डीसी ने लिया कड़ा एक्शन
दो स्वास्थ्यकर्मियों को कार्यमुक्त करने की अनुशंसा
- मामला प्रोत्साहन राशि में अवैध वसूली का
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : जिला प्रशासन ने श्री बंशीधर नगर में सीएचओ की प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में अवैध राशि की मांग किये जाने संबंधी वायरल ऑडियो के मामले में कड़ा एक्शन लिया है। वायरल ऑडियो मामले की जांच में प्रोत्साहन राशि के नाम पर अवैध वसूली की पुष्टि होने के बाद डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने दो दोषी कर्मियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने की अनुशंसा की है। इस संबंध में उन्होंने अभियान निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड रांची को पत्र लिखा है।
यहां बताते चलें कि श्री बंशीधर नगर में सीएचओ की प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में अवैध राशि की मांग किये जाने संबंधी ऑडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया था। मामले की सत्यता और पूरे प्रकरण की जांच के लिये सिविल सर्जन एवं श्री बंशीधर नगर के एसडीओ की एक संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने गत 23 नवंबर को अनुमंडल अस्पताल पहुंच कर मामले की गहन जांच पड़ताल की थी।
जांच के उपरांत प्रथम दृष्टया मड़वनिया के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी अभिषेक सिंह तंवर एवं अनुमंडल अस्पताल के प्रखंड लेखा प्रबंधक राजीव रंजन की संलिप्तता उजागर हुई थी। संयुक्त जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में दोनों कर्मियों के विरुद्ध डीसी से नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की अनुशंसा की थी। संयुक्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर डीसी ने त्वरित कार्रवाई करते हुये एनआरएचएम के अभियान निदेशक को पत्र लिखकर दोनों कर्मियों की सेवा समाप्त (कार्यमुक्त) करने की अनुसंशा की है। डीसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सरकारी प्रोत्साहन राशि के भुगतान के बदले किसी भी प्रकार की अवैध राशि की मांग करना एक बेहद गंभीर अपराध है।
यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है, तो दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई अनिवार्य है। उन्होंने दोहराया कि जिला प्रशासन सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभुकों को मिलने वाली राशि के भुगतान में पूर्ण पारदर्शिता व शुचिता बनाये रखने के लिये प्रतिबद्ध है। प्रशासनिक स्तर पर किसी भी रूप में भ्रष्टाचार या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
समाचार एवं दैनिक ई-पेपर प्रकाशन डेस्क