लापता युवक का कुएं में मिला शव, गांव में सनसनी
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
- धान काट रहे ग्रामीणों को दुर्गंध आने पर हुई जानकारी
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव में शुक्रवार को कुएं से युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जंगीपुर गांव निवासी स्वर्गीय रामगति उरांव के 35 वर्षीय पुत्र उपेंद्र उरांव के रूप में की गई है। वह पिछले 11 दिनों से लापता था। कुएं में शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि उपेंद्र उरांव बीते 16 नवंबर को अचानक घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने श्री बंशीधर नगर थाना पहुंचकर उसकी गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था। इसके बाद से ही परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार की दोपहर गांव के कुछ लोग कुएं के समीप खेत में धान की कटाई कर रहे थे।
इसी दौरान उन्हें कुएं की तरफ से तेज दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर जब ग्रामीणों ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव देखते ही ग्रामीणों ने शोर मचाया। कुएं में शव मिलने की सूचना पूरे गांव में तेजी से फैल गई। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये। उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
समाचार एवं दैनिक ई-पेपर प्रकाशन डेस्क