रांची, हजारीबाग समेत झारखंड के कई इलाकों में भूकंप के झटके, नेपाल रहा भूकंप का केंद्र
रांची और हजारीबाग समेत झारखंड के कई इलाकों में मंगलवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र नेपाल में बताया गया।
- सुबह 7:02 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए
- राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार तीव्रता 5.4 दर्ज की गई
रांची : झारखंड के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राजधानी रांची और हजारीबाग सहित आसपास के क्षेत्रों में अचानक धरती हिलने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह की दिनचर्या में व्यस्त लोग झटके महसूस होते ही अपने घरों और अपार्टमेंट से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप सुबह करीब 7 बजकर 02 मिनट पर आया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रदेश में लेलेप के निकट जमीन के भीतर बताया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूकंप के झटके केवल नेपाल तक सीमित नहीं रहे। भारत के बिहार और झारखंड के अलावा बांग्लादेश, भूटान तथा चीन के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी कंपन महसूस किए जाने की खबर है।
पंखे और घरेलू सामान हिलने से लोगों को हुआ अहसास
सुबह के समय अचानक घरों में पंखे और अन्य सामान हिलने लगे। कई लोगों ने इसे महसूस करते ही परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने के लिए कहा। अपार्टमेंट और बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोग भी एहतियात के तौर पर खुले स्थानों पर एकत्रित हो गए।
फिलहाल नुकसान की सूचना नहीं
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, झारखंड में भूकंप से किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि, स्थिति पर नजर रखी जा रही है। विशेषज्ञों की सलाह है कि भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहें और झटके रुकने तक लिफ्ट का इस्तेमाल न करें।
भूकंप जैसी प्राकृतिक घटनाओं के दौरान सतर्कता और सही जानकारी बेहद जरूरी है। प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।
मुख्य संपादकीय डेस्क एवं राज्य ब्यूरो, रांची एवं जमशेदपुर (झारखंड)