प्रोत्साहन राशि भुगतान के एवज में सीएचओ से रुपये की वसूली, ऑडियो वायरल
वायरल ऑडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। यदि ऑडियो में की जा रही बातें सही हैं, तो यह गंभीर मामला है।
- वायरल ऑडियो से स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
नीलू चौबे
श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पदस्थापित सीएचओ को प्रोत्साहन राशि देने के एवज में उनसे हजारों रुपये की वसूली किये जाने का मामला सामने आया है। वसूली से संबंधी एक ऑडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल ऑडियो में वसूली की बात होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वायरल ऑडियो में दो सीएचओ आपस में बातचीत कर रहे हैं और प्रोत्साहन राशि भुगतान के लिये सिविल सर्जन को देने के लिये प्रति सीएचओ चार-चार हजार रुपये एवं कुछ सीएचओ से पांच हजार रुपये की मांग कर मामले को डन किया जा रहा है।
यहां बताते चलें कि श्री बंशीधर नगर के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कुल 18 सीएचओ पदस्थापित हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी सीएचओ को मानदेय के साथ-साथ प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर सीएचओ अभिषेक सिंह अपने कुछ सहयोगियों (सीएचओ) से फोन पर बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं।
बातचीत के दौरान वे राजू, बंटी, लोकेंद्र, विकास समेत अन्य सीएचओ का जिक्र करते हुये कहते सुनाई दे रहे हैं कि सभी से बात हो चुकी है और यह आखिरी बार कहा जा रहा है। ऑडियो में नवीन, प्रियम, अभय, पुष्कर और अयान के नाम लेते हुये कथित तौर पर पांच-पांच हजार रुपये देने की बात कही जा रही है।
साथ ही संबंधित लोगों को मैसेज करने और एडवांस में पैसे देने की बात भी सुनाई दे रही है। वायरल बातचीत में अक्टूबर और नवंबर महीने के प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में चार-चार हजार रुपये देने की बात कही जा रही है। इसके अलावा जनवरी से अगस्त तक के बकाया प्रोत्साहन राशि के लिये भी चार-चार हजार रुपये की मांग का जिक्र सुनाई देता है।
बातचीत में आगे से ढाई हजार रुपये देने की बात भी कही गई है। ऑडियो में यह भी कहा जा रहा है कि ढाई हजार रुपये में काम हो सकता है, लेकिन ऐसा करने पर लोगों के सामने अपमानजनक स्थिति पैदा हो जायेगी। बातचीत के दौरान कहा जा रहा है कि सीएस के पास वित्तीय अधिकार होने और फंड आने की बात भी कही जा रही है।
वायरल ऑडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। यदि ऑडियो में की जा रही बातें सही हैं, तो यह गंभीर मामला है। आखिर सीएचओ से प्रोत्साहन राशि भुगतान के नाम पर किस आधार पर पैसे मांगे जा रहे हैं? अब देखना है कि वायरल ऑडियो में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी क्या एक्शन लेते हैं।
उधर इस संबंध में पूछने पर सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ केनेडी ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
समाचार एवं दैनिक ई-पेपर प्रकाशन डेस्क