आरके पब्लिक स्कूल अधौरा में 7 वां विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ आयोजन, 122 मॉडलों ने मचाई धूम
विज्ञान प्रदर्शनी केवल मॉडल बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के अंदर छिपी हुई प्रतिभा को बाहर निकालने का सबसे सशक्त मंच : अलखनाथ पांडेय
- विज्ञान हमें बेहतर जीवन जीने का तरीका सिखाता है
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : आरके पब्लिक स्कूल अधौरा में मंगलवार को 7 वीं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक अलखनाथ पांडेय एवं अजा आयोग के पूर्व चेयरमैन शिवधारी राम ने फीता काटकर किया। तत्पश्चाप अतिथियों ने बच्चों के द्वारा लगाये गये 122 प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी को तीन प्रमुख विभागों के महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित किया गया था।
विज्ञान विभाग की ओर से मुख्य विषय कचरा प्रबंधन, सामाजिक विज्ञान विभाग की ओर से वित्तीय नियोजन और कंप्यूटर विभाग की ओर से कृत्रिम बुद्धिमत्ता को प्रमुख क्षेत्र के रूप में चुना गया था। इन तीनों विषयों ने न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मकता को एक नई दिशा दी, बल्कि यह भी सिद्ध कर दिया कि आज का विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज की समस्याओं का समाधान खोजने में भी पूरी तरह सक्षम हैं।
उस मौके पर विद्यालय के निदेशक अलखनाथ पांडेय के ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी केवल मॉडल बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह बच्चों के अंदर छिपी हुई प्रतिभा, कल्पना शक्ति और नवाचार की भावना को बाहर निकालने का सबसे सशक्त मंच है। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुये कहा कि आज का छोटा सा प्रयोग ही कल का बड़ा आविष्कार बन सकता है, इसलिये कभी भी प्रश्न पूछने से डरना नहीं चाहिये, क्योंकि हर महान वैज्ञानिक की शुरुआत एक छोटे से प्रश्न से ही हुई थी।
उन्होंने रचनात्मकता, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के महत्व पर विशेष जोर दिया और बच्चों को देश और समाज के लिये कुछ नया करने के लिये प्रेरित किया। प्रधानाचार्य राजेश पांडेय ने विज्ञान प्रदर्शनी के महत्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तर्क शक्ति, टीम भावना और आत्म-अभिव्यक्ति की क्षमता को विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का एक अभिन्न अंग है।
चाहे कचरा प्रबंधन हो, पैसों का सही उपयोग हो या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया हो, हर जगह विज्ञान हमें बेहतर जीवन जीने का तरीका सिखाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की मेहनत की सराहना की। अंत में सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। उस मौके पर भाजपा नेता राजू सिंह, शैलेश चौबे, विजय चौबे समेत बड़ी संख्या में अभिभावक एवं बच्चे मौजूद थे।
समाचार एवं दैनिक ई-पेपर प्रकाशन डेस्क