पुलिस हाईटेक, सूचनातंत्र फेल
हाईटेक पुलिस सूचनातंत्र को दरकिनार कर पूरी तरह से मोबाईल एवं तकनीकी अनुसंधान पर अधिक निर्भर हो गई है।
- दो वर्षों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक घटनाएं
- यमुना सेठ ज्वेलर्स चोरी का मामला अब भी अनसुलझा
- नौ घरों से लाखों की नकदी और आभूषण चोरी।
झारखंड की पुलिस भले ही हाईटेक हो गई है, लेकिन उसका सूचनातंत्र पूरी तरह से फेल हो गई है। हाईटेक पुलिस सूचनातंत्र को दरकिनार कर पूरी तरह से मोबाईल एवं तकनीकी अनुसंधान पर अधिक निर्भर हो गई है। इसी का परिणाम है कि गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से लगातार घट रही चोरी की घटनाएं एवं उसके उद्भेदन में पुलिस की नाकामी गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है।यहां बताते चलें कि एक समय था जब उग्रवाद एवं अपराध चरम पर था और पुलिस अपने मजबूत सूचना तंत्र के सहारे बड़ी-बड़ी आपराधिक घटनाओं का आसानी से उद्भेदन कर लिया करती थी। ग्रामीण क्षेत्रों में मुखबिरों एवं आम सूचनादाताओं का मजबूत नेटवर्क पुलिस की सबसे बड़ी ताकत हुआ करता था। पुलिस इस नेटवर्क को संरक्षण और प्रोत्साहन देकर अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखती थी।इसी का परिणाम था कि पुलिस को बड़ी से बड़ी सफलता हाथ लगती थी और पुलिस के हौसले बुलंद हुआ करते थे। लेकिन बदलते दौर में पुलिसिंग का स्वरूप भी बदलता नजर आ रहा है। अब पुलिस पारंपरिक सूचना तंत्र को दरकिनार कर मोबाईल एवं तकनीकी अनुसंधान पर अधिक निर्भर हो गई है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या केवल मोबाईल लोकेशन और तकनीकी जांच के भरोसे अपराधियों तक पहुंचना संभव है?
यमुना सेठ ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी की घटना का आज तक नहीं हुआ खुलासा
पिछले दो वर्षों में श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में घटित दो दर्जन से अधिक छोटी-बड़ी आपराधिक घटनाओं में से एक-दो मामलों को छोड़कर अधिकांश मामलों का खुलासा अब तक नहीं हो सका है। पुलिस की जांच और कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने वाला एक पुराना मामला शहर के बीचो बीच स्थित यमुना सेठ के ज्वेलर्स दुकान में हुई बड़ी चोरी की घटना भी है।वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव से पूर्व पुलिसकर्मियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग के बाद चोरों ने शहर के बीचो बीच यमुना सेठ के ज्वेलर्स दुकान में चोरी की बड़ी घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी थी। दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह मामला अब तक नहीं सुलझा है। इन दो वर्षों के भीतर न तो अपराधियों का पता चल सका और न ही चोरी गये सामानों की बरामदगी हो सकी। यह घटना आज भी पुलिस के लिये चुनौती बनी हुई है।
नौ घरों में लाखों की चोरी, अब तक पुलिस के हाथ खाली
ताजा मामला थाना क्षेत्र में गत 10, 14 एवं 15 नवंबर की रात हलिवंता एवं बिलासपुर पंचायत के विभिन्न गांवों में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़ा है। चोरों ने नौ घरों को निशाना बनाते हुये लाखों रुपये नकद और आभूषणों की चोरी कर ली थी। चोरी की घटना के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और टेक्निकल सेल की मदद से सुलसुलिया व सोनपुरा में गहन छानबीन की थी, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
ऐसे में चोरी की बढ़ती घटनाएं पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर रही हैं। अब सवाल उठता है कि आखिर कब तक चोर पुलिस को चुनौती देते रहेंगे और आम लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर भयभीत रहेंगे? अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं का उद्भेदन कर अपराधियों पर कब शिकंजा कसती है।
समाचार एवं दैनिक ई-पेपर प्रकाशन डेस्क