डीआईजी ने की अपराध समीक्षा, लंबित कांड निष्पादन का निर्देश
अधिकारी व जवान मर्यादा में रहकर बुद्धि-विवेक से कार्य करें : डीआईजी
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : डीआईजी कौशल किशोर ने शुक्रवार को गढ़वा समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय का दौरा किया। उनके आगमन पर एसपी आशुतोष शेखर ने बुके देकर स्वागत किया। पुलिस केंद्र गढ़वा के परिचारी प्रवर सहित 12 जवान और दो हवलदार ने डीआईजी को सलामी दी। इसके बाद एसपी कार्यालय के सभागार में डीआईजी कौशल किशोर की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक हुई।
बैठक में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पॉक्सो एक्ट, आभूषण चोरी व छिनतई, एससी-एसटी से जुड़े लंबित कांड एवं मुआवजा, साइबर अपराध, मानव तस्करी समेत जिले में लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। इसके अलावा थाना, पोस्ट एवं पिकेट के निरीक्षण, पुलिस सभा में लिये गये निर्णयों पर कार्रवाई तथा विभागीय कार्यवाही और जांच की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
मौके पर डीआईजी ने अधिकारियों को लंबित कांडों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने थाना स्तर पर बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर देते हुये आम नागरिकों के साथ अच्छा व्यवहार करने की बात कही। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से संबंधित मामलों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई, थानों में आम नागरिकों के लिये बेहतर व्यवस्था और जनता के साथ बेहतर तालमेल बनाये रखने का निर्देश दिया।
पुलिस की गरिमा बनाये रखने के लिये अधिकारियों और जवानों को मर्यादा में रहकर बुद्धि-विवेक से कार्य करने की भी हिदायत दी गई। बैठक के दौरान डीआईजी ने जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुये कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाये रखने के लिये सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में डीएसपी मुख्यालय, गढ़वा, रंका एवं श्री बंशीधर नगर के एसडीपीओ तथा विभिन्न अंचलों के पुलिस निरीक्षक शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0