सतबहिनी में पुलिस जवान के घर भीषण डकैती, 10 लाख के जेवरात ले उड़े अपराधी

Oct 10, 2026 - 17:48
सतबहिनी में पुलिस जवान के घर भीषण डकैती, 10 लाख के जेवरात ले उड़े अपराधी

आठ से दस नकाबपोश अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम, गिरोह में महिला के भी शामिल होने की सूचना

बंशीधर न्यूज

उंटारी रोड : थाना क्षेत्र के सतबहिनी गांव में शुक्रवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने पुलिस जवान विशाल शर्मा के घर भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। घर का पिछला दरवाजा तोड़कर घुसे अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया और करीब आठ से दस लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गये।

घटना में आठ से दस अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है। इनमें एक महिला अपराधी भी शामिल थी। सभी ने अपने चेहरे नकाब से ढक रखे थे। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

दरवाजा तोड़कर घर में घुसे अपराधी

पुलिस जवान विशाल शर्मा ने उंटारी रोड थाना में दिये लिखित आवेदन में बताया है कि शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब डेढ़ बजे अपराधियों ने घर का पिछला दरवाजा तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गये।

इसके बाद परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में लेकर लूटपाट की और जेवरात समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गये। इस दौरान अपराधियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट व बदसूलुकी भी की।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस जवान के आवेदन के अनुसार लूटे गये सोने-चांदी के जेवरात की अनुमानित कीमत आठ से दस लाख रुपये है।

थाना प्रभारी संतोष गिरी ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिये पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0