चेंबर चुनाव : नामांकन के दौरान हंगामा, चुनाव पदाधिकारी के टेबल से उठा ले गये नामांकन पत्र

Sep 28, 2026 - 22:14
चेंबर चुनाव : नामांकन के दौरान हंगामा, चुनाव पदाधिकारी के टेबल से उठा ले गये नामांकन पत्र

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : चेंबर चुनाव के नामांकन के दौरान जमकर हंगामा होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक सोमवार की शाम सात बजे से चेंबर चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। कुछ मिनटों तक शांतिपूर्ण तरीके से नामांकन प्रक्रिया चली। किंतु नामांकन के दौरान एक गुट के दो प्रत्याशी आनंद कुमार एवं अशोक जायसवाल के सशरीर उपस्थित नहीं होने पर उक्त गुट के लोग चुनाव पदाधिकारियों से दोनों लोगों का नामांकन पत्र स्वीकार करने का दबाव बनाने लगे।

लेकिन चुनाव पदाधिकारी ने उनलोगों के बिना नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किया। इसी बीच अशोक जायसवाल के द्वारा मोबाईल फोन पर चुनाव पदाधिकारी से बात कर नामांकन पत्र लेने को कहा गया। उसके बाद भी चुनाव पदाधिकारी चुनाव गाईड लाईन का फॉलो करने एवं निर्धारित समय पर दोनों प्रत्याशियों के नहीं पहुंचने की बात कह कर नामांकन पत्र स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

इसी पर विवाद बढ़ गया और उस गुट के रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू ने चुनाव पदाधिकारी के टेबल पर से दस नामांकन पत्र उठा लिया और चेंबर कार्यालय से चले गये। इस संबंध में मुख्य चुनाव पदाधिकारी उदयप्रकाश जायसवाल ने बताया कि नामांकन के दौरान प्रत्याशी अशोक जायसवाल व आनंद जायसवाल के सशरीर उपस्थित नहीं होने के कारण नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किया गया।

जिस कारण कुछ लोगों के द्वारा विवाद खड़ा किया गया है। समर्थक जबरन नामांकन पत्र स्वीकार करवाना चाह रहे थे। लेकिन विधिसम्मत नहीं होने के कारण ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि नामांकन के दौरान 21 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। बाद में विवाद होने के कारण रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू के द्वारा टेबल पर से दस नामांकन पत्र उठाकर ले जाया गया है, जो चुनाव प्रक्रिया और उसकी मर्यादा के खिलाफ है।

श्री जायसवाल ने बताया कि पूरे घटना की जानकारी चेंबर के वरीय अधिकारियों को दुरभाष पर दे दी गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। आगे विधिसम्मत निर्णय लिया जायेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0