हाईवे के गड्ढे दशहरा से पहले भरेंगे, पलामू में एनएचएआई ऑफिस खुलेगा
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : पलामू लोकसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों की बदहाल स्थिति, निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी और आम लोगों की सुविधा को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण मुख्यालय में चेयरमैन संतोष कुमार यादव के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में पलामू और गढ़वा से जुड़ी एनएच-39, एनएच-139 एवं एनएच-98 की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और लंबित कार्यों पर चर्चा हुई।
सांसद ने अधिकारियों के बार-बार तबादले से परियोजनाओं की मॉनिटरिंग प्रभावित होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि चार माह में छह बार प्रोजेक्ट डायरेक्टर के तबादले हुये हैं। इस पर चेयरमैन ने अनावश्यक स्थानांतरण पर रोक का आश्वासन दिया। साथ ही परियोजनाओं की निगरानी के लिये पलामू में एनएचएआई का पीआईयू साईड ऑफिस खोलने की स्वीकृति दी।
सतबरवा, पोलपोल, डालटनगंज, पड़वा, रमना, नगर ऊंटारी, हरिहरगंज और छतरपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में सड़क पर बने गड्ढों का मामला भी सांसद ने उठाया। चेयरमैन ने दशहरा से पहले गड्ढों को भरकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने के लिये फास्ट ट्रैक पर काम कराने का भरोसा दिया।
सतबरवा बाईपास पर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण डायवर्सन की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया। डालटनगंज बाईपास के पोखराहा में वीयूपी और जोड़ में एलवीयूपी के लंबित कार्यों के लिये रेलवे से समन्वय की जानकारी दी गई। सांसद ने भोगू-संखा फ्लाईओवर को शीघ्र मंजूरी देने, रुके सिविल कार्यों में तेजी लाने, फॉरेस्ट क्लीयरेंस से जुड़े मामलों का समयबद्ध निपटारा करने तथा स्थानीय वाहनों को टोल में उचित राहत देने की मांग भी रखी।
साथ ही पूर्ण हो चुके एनएच-39 पैकेज-वी और एनएच-139 के हिस्सों को शीघ्र जनता को समर्पित करने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र के आर्थिक विकास, व्यापार, रोजगार और सामाजिक संपर्क की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना हैं। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी दूर कर उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा कराना प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0