वर्चस्व की लड़ाई का शिकार हुआ चेंबर का चुनाव

Sep 30, 2026 - 15:31
वर्चस्व की लड़ाई का शिकार हुआ चेंबर का चुनाव

नीलू चौबे

श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का चुनाव वर्चस्व की लड़ाई का शिकार होता नजर आ रहा है। चुनाव में प्रत्याशी कम दो पक्ष वर्चस्व की जंग लड़ रहे थे। गत दिनों चुनाव की प्राथमिक प्रक्रिया नामांकन के दौरान एक पक्ष के द्वारा अपने पक्ष के दस प्रत्याशियों के नामांकन पत्र को चुनाव पदाधिकारी के टेबल से खींचकर वापस ले जाने की घटना इसके प्रत्यक्ष प्रमाण है।

चुनाव को लेकर शहर में पिछले एक सप्ताह से गहमागहमी का माहौल था, लेकिन नामांकन के दौरान घटित घटना के बाद चुनाव को लेकर अनिश्चितता बरकरार है। चुनाव को लेकर चौक चौराहों पर तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। उधर नामांकन के दौरान हुई घटना से स्पष्ट है कि दोनों पक्षों का उद्देश्य व्यवसायियों के हित, उनकी सुरक्षा एवं उनके उत्थान के बारे में नया आयाम जोड़ना नहीं बल्कि शहर एवं व्यवसाय जगत में अपना वर्चस्व कायम करना है।

इसीलिये दोनों पक्ष जोर आजमाइश कर रहे हैं। उक्त चुनाव में एक गुट का नेतृत्व शहर के प्रमुख व्यवसायी रवि प्रकाश तो दूसरे गुट के शंभूनाथ सौदागर कर रहे थे। रवि प्रकाश के पक्ष में अशोक जायसवाल, वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, राकेश विश्वकर्मा, वीरेंद्र कुमार अग्रहरि, रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू, मनोज कुमार उर्फ मंटू, अभय कुमार उर्फ मिंटू, नीरज जायसवाल, अभिषेक कुमार उर्फ मिक्कू एवं आनंद कुमार शामिल थे।

 जबकि शंभूनाथ सौदागर के पक्ष में गोपाल जायसवाल, विकास कुमार शालू, उमेश चाहत, राजीव कुमार उर्फ राजू सेठ, प्रेम सोनी, विकास जायसवाल, चंद्र प्रकाश, राहुल जायसवाल उर्फ मिक्की, विनोद कांस्यकार एवं वार्ड पार्षद रंजन कुमार छोटू शामिल थे। दोनों पक्षों की तरफ से प्रत्याशियों के चयन से रस्साकस्सी शुरू हो गई थी। दोनों पक्ष नामांकन के आखिरी समय तक एक दूसरे पक्ष के प्रत्याशियों पर साम, दाम, दंड और भेद का इस्तेमाल कर अपने पक्ष में मोड़ने में एड़ी चोटी एक किये हुये थे।

 दोनों पक्षों को इसमें सफलता भी मिली थी। दोनों पक्षों द्वारा प्रत्याशियों में सेंधमारी करने के कारण ही गतिरोध बढ़ता गया और नामांकन के दौरान विवाद चरम पर पहुंच गया। अब सवाल उठ रहा है कि हमेशा शांत एवं खिलखिलाता शहर श्री बंशीधर नगर में चेंबर के एक छोटे से वह भी बिना लाभ के चुनाव में जिस तरह से गुटबाजी एवं तनातनी चल रही है और वह मैसेज बाहर जा रहा है इससे श्री बंशीधर नगर शहर की छवि धूमिल हुई है।

शहर की खूबसूरती पर भी धब्बा लग रहा है। दोनों पक्षों ने यदि समय रहते इस गौर नहीं किया तो दूसरे जगहों पर शहर के साथ-साथ उनकी प्रतिष्ठा भी धूल धूसरित होने के आसार हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0