नगर उंटारी सिविल कोर्ट से कैदी फरार, पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : नगर ऊंटारी सिविल कोर्ट परिसर से बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में एक कैदी के फरार होने की सूचना से हड़कंप मच गया। फरार कैदी की पहचान उमानंद चौधरी, निवासी राजी, थाना खरौंधी के रूप में बताई जा रही है।
बताया जाता है कि उमानंद चौधरी हत्या के एक मामले में आरोपी था और काफी समय से फरार चल रहा था। जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात नगर ऊंटारी थाने की पुलिस के सहयोग से उमानंद चौधरी को सुलसुलिया गांव से पकड़ा गया था। इसके बाद उसे खरौंधी पुलिस के हवाले कर दिया गया था। बुधवार को खरौंधी पुलिस उसे न्यायालय में पेशी के लिये नगर ऊंटारी सिविल कोर्ट लेकर पहुंची थी।
कोर्ट में पेसी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान वह कोर्ट परिसर से पुलिस अभिरक्षा के बीच फरार हो गया। कैदी के फरार होने की सूचना तेजी से फैल गई। वहीं कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी। घटना के बाद कैदी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
कोर्ट परिसर में चर्चा रही कि कैदी को लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी मोबाईल फोन चला रहे थे। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस अभिरक्षा में हत्या के आरोपी कैदी को भागने का मौका कैसे मिला?
सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई और इसके लिये जिम्मेदारी किसकी तय होगी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा। फिलहाल पुलिस फरार कैदी उमानंद चौधरी की तलाश में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
3
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0