छठव्रतियों की राह हुई आसान, अहिरपुरवा काली मंदिर छठ घाट जाने वाली सड़क का मरम्मती कार्य शुरू
खबर का असर
नपं उपाध्यक्ष संध्या देवी ने विधायक अनंत से मिलकर उठाया था मामला
जल्द बनेगी पीसीसी सड़क : संध्या देवी
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : शहर के अहिरपुरवा स्थित काली मंदिर छठ घाट तक पहुंचने वाली जर्जर सड़क की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद नपं उपाध्यक्ष संध्या देवी की पहल पर सड़क मरम्मती का कार्य सोमवार से शुरू हो गया है। छठव्रतियों की परेशानी को देखते हुये नपं की उपाध्यक्ष संध्या देवी ने विधायक अनंत प्रताप देव से मुलाकात कर सड़क की बदहाल स्थिति से उन्हें अवगत कराया था।
इसके बाद सोमवार से सड़क पर मिट्टी-मोरम डालकर मरम्मती का काम शुरू कर दिया गया। संध्या देवी ने स्वयं अहिरपुरवा छठ घाट पहुंचीं और अपनी मौजूदगी में मरम्मत कार्य शुरू कराया। सड़क पर जगह-जगह उभरे नुकीले पत्थरों और गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है, ताकि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और छठव्रतियों को आवागमन में परेशानी न हो।
दंडवत करने वाली व्रतियों की परेशानी को समझती हूं : संध्या देवी
उस मौके पर उपाध्यक्ष संध्या देवी ने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि आस्था, शुद्धता और कठिन तपस्या का पर्व है। मैं भी छठ महापर्व करती हूं, इसलिये अच्छी तरह जानती हूं कि व्रत के दौरान कई महिलाएं घर से छठ घाट तक दंडवत करते हुये पहुंचती हैं। ऐसे में सड़क पर बिखरे नुकीले पत्थर और गड्ढे उनके लिये कितनी बड़ी परेशानी पैदा कर सकते हैं, इसका मुझे एहसास है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुये नुकीले पत्थरों पर मिट्टी-मोरम डलवाया जा रहा है, ताकि छठ से पहले रास्ता चलने योग्य बन सके। साथ ही जल्द ही इस सड़क का पीसीसी व कालीकरण कराया जायेगा।
ग्रामीणों में खुशी
गौरतलब है कि अहिरपुरवा काली मंदिर छठ घाट पर प्रत्येक वर्ष पांच हजार से अधिक छठव्रती और श्रद्धालु पहुंचते हैं। बदहाल सड़क के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई थी। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। किंतु इस बार नपं उपाध्यक्ष संध्या देवी की पहल पर मरम्मत कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में राहत और खुशी का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0