झामुमो संयोजक मंडली की बैठक संपन्न, जिला कमेटी गठन पर मंथन
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : झामुमो के केंद्रीय कार्यालय के दिशा निर्देश के अनुपालन में गढ़वा जिला संयोजक मंडली की पहली बैठक कल्याणपुर स्थित पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के आवास पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने की। बैठक में आगामी जिला कमेटी के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संयोजक मंडली के सदस्यों ने क्रमवार पार्टी के समर्पित एवं सक्रिय नेताओं के नाम जिलाध्यक्ष, जिला सचिव सहित अन्य पदों के लिये सुझाये। विभिन्न पदों के अनुरूप संभावित नामों पर चर्चा करते हुये संबंधित नेताओं के व्यक्तित्व, व्यवहार, संगठनात्मक क्षमता और पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा का आकलन किया गया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि जिला कमेटी का गठन करते समय पार्टी के प्रति समर्पण, निष्ठा और वफादारी को प्राथमिकता दी जानी चाहिये।
इसके साथ ही संगठन को मजबूत बनाने के लिये नेताओं की कर्मठता, अनुभव और सामाजिक समीकरणों को भी ध्यान में रखने पर जोर दिया गया। संयोजक मंडली के सदस्यों द्वारा दिये गये सुझावों और विभिन्न पदों के लिये प्रस्तावित नामों को बैठक की कार्यवाही में सूचीबद्ध किया गया। हालांकि जिला कमेटी के पदाधिकारियों के नामों पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका। तय किया गया कि आगामी बैठक में सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श के बाद अंतिम निर्णय लिया जायेगा।
बैठक को गढ़वा जिले में झामुमो के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिला कमेटी के गठन से पार्टी की गतिविधियों को गति देने और संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा।
बैठक में केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर, पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा, ताहिर अंसारी, केंद्रीय सदस्य सह जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, जवाहर पासवान, मदनी खान, तनवीर आलम, धीरज दुबे, मनोज ठाकुर, राजकिशोर यादव, नितेश सिंह, शंभु चंद्रवंशी, अंजली गुप्ता आदि उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0