चेंबर चुनाव में 11 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित, अब अध्यक्ष की कुर्सी पर टिकी निगाहें
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र अक्टूबर 2026-28 के चुनाव में 11 सदस्यीय कार्यकारिणी का निर्विरोध चयन घोषित किया गया है। शनिवार को चेंबर कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्य चुनाव अधिकारी उदय प्रकाश जायसवाल ने सभी निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों की घोषणा कर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका स्वागत किया।
अब चेंबर के अगले अध्यक्ष के चुनाव को लेकर व्यवसायियों की निगाहें टिक गई हैं। कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक के बाद अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जायेगी।
ये 11 सदस्य हुये निर्विरोध निर्वाचित
चेंबर की नई कार्यकारिणी समिति में शाहिद नवाज (एसके एजेंसी), चंद्र प्रकाश (मेसर्स चंद्र प्रकाश), गोपाल प्रसाद जायसवाल (फैंसी टेंट हाउस), विकास कुमार (मेसर्स विकास कुमार-शालू), शंभूनाथ सौदागर (श्याम शॉपी), उमेश कुमार (चाहत मोबाईल जोन), विकास जायसवाल (विकास जनरल स्टोर), प्रेम सोनी (न्यू प्रेम ज्वेलर्स), राहुल कुमार जायसवाल (मेसर्स राहुल कुमार), विनोद कुमार (आकाश ट्रंक एंड फर्नीचर) और राजीव कुमार सोनी (आभा ट्रेडर्स) के नाम शामिल हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुये मुख्य चुनाव अधिकारी उदय प्रकाश जायसवाल ने बताया कि चेंबर चुनाव की प्रक्रिया के तहत कुल 23 नामांकन पत्रों का वितरण किया गया था। इसके बाद 28 सितंबर को 21 नामांकन पत्र दाखिल किया गया था। नामांकन के दौरान दस प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वापस ले जाने के कारण 11 नामांकन पत्र शेष रह गये थे। कार्यकारिणी के लिये निर्धारित 11 नामांकन पत्र बचने के कारण सभी सदस्यों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है।
जो हुआ, वह किसी के हित में नहीं था : उदय जायसवाल
प्रमाण पत्र वितरण के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी उदय प्रकाश जायसवाल ने कहा कि पिछले दिनों चुनाव प्रक्रिया के दौरान जो कुछ भी हुआ, वह किसी के हित में नहीं था। उन्होंने कहा कि सभी लोग चेंबर के अभिन्न अंग हैं। आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर संगठन की मजबूती और व्यवसायियों के हित में मिलकर काम करने की जरूरत है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द ही निर्विरोध निर्वाचित सभी सदस्यों की जल्द ही बैठक होगी और उसमें अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जायेगी, जिसके बाद अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जायेगी। उस मौके पर चुनाव पदाधिकारी संजय कांस्यकार, ओमप्रकाश चौबे, चेंबर के संरक्षक रामप्रसाद कमलापुरी, रामजी कांस्यकार, राजेन्द्र सेठ, अमरेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0