रंका व हरिहरपुर में हुई बाईक लूटकांड में शामिल अन्य अपराधी शमशाद अंसारी गिरफ्तार

Sep 22, 2026 - 13:16
रंका व हरिहरपुर में हुई बाईक लूटकांड में शामिल अन्य अपराधी शमशाद अंसारी गिरफ्तार

सोना, 44 सौ रुपये नकद व मोबाईल बरामद

रंका व हरिहरपुर में लूटी गई बाईक का नंबर प्लेट बदलकर एमपी में ज्वेलर्स दुकान में की गई डकैती : एसडीपीओ

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : पुलिस ने रंका थाना एवं हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में हुई बाईक लूट कांड में शामिल दूसरे आरोपी शमशाद अंसारी को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके पास से एमपी के कंचन ज्वेलर्स में हुई लूट में मिले हिस्से का सोना, 44 सौ रुपये नकद व एक मोबाईल फोन बरामद किया है।

गिरफ्तार शमशाद अंसारी विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पतिहारी गांव निवासी तुलाब अंसारी का पुत्र है। गिरफ्तार शमशाद अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है। शमशाद पर गढ़वा जिले के विभिन्न थानों के साथ-साथ यूपी एवं एमपी के कई थानों में भी मामला दर्ज है।

यह जानकारी एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने दी। वे मंगलवार को अपने कार्यकाल कक्ष में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एसडीपीओ के अनुसार शमशाद अंसारी घटना के बाद फरार होकर पटना चला गया था। गुप्त सूचना मिली कि वह वापस अपने क्षेत्र में आया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुये उसे गिरफ्तार कर लिया है। बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

टीवीएस बाईक शोरूम में बदला गया नंबर प्लेट

एसडीपीओ के अनुसार शमशाद ने बताया कि वह 12 सितंबर को बाईक का नंबर प्लेट खुलवाने के लिये नगर ऊंटारी भवनाथपुर मोड़ स्थित टीवीएस बाईक शोरूम में गया था। इसके बाद 13 सितंबर को बाईक लूट की घटना के बाद रौशन के साथ जंगीपुर नहर के रास्ते सिरियाटोंगर तथा वहां से वापस बाईक को लेकर दोबारा टीवीएस बाईक शोरूम में आकर नंबर प्लेट लगवाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

झारखंड में लूटी गई बाईक से एमपी में आभूषण दुकान में की डकैती

एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि पूछताछ के क्रम में शमशाद ने बताया कि वह रंका एवं हरिहरपुर ओपी क्षेत्र से लूटी गई अपाची बाईक को यूपी के अनपरा निवासी राहुल स्वीपर के घर रखने तथा वहीं पर उसका नंबर प्लेट खोलने के बाद उसी बाईक से मध्य प्रदेश के विंध्यनगर थाना क्षेत्र स्थित कंचन ज्वेलर्स में लूटकांड की घटना को अंजाम दिया गया था।

पहले सोनू उर्फ शाबिर हो चुका है गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में इससे पहले सोनू उर्फ शाबिर, पिता उस्मान मियां, ग्राम पतिहारी, थाना विशुनपुरा को गिरफ्तार कर 20 सितंबर को जेल भेज चुकी है। अब शमशाद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को बाईक लूट से लेकर मध्य प्रदेश के ज्वेलर्स लूटकांड तक की कड़ियों को जोड़ने में अहम जानकारी मिलने का दावा किया गया है।

शमशाद पर झारखंड, यूपी एवं एमपी के कई थानों में है केस दर्ज

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार शमशाद के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। इनमें रंका, भवनाथपुर हरिहरपुर ओपी, यूपी के अनपरा थाना एवं एमपी के विंध्यनगर थाना में मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

छापेमारी में ये भी थे शामिल

छापेमारी टीम में एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह के अलावे हरिहरपुर ओपी प्रभारी परवेज आलम, अनुसंधानकर्ता सुंदर सोरेन समेत पुलिस के जवान शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 4
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 1