स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के नाम पर रिश्वत के आरोपों की जांच को टीम गठित
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से कथित रूप से रिश्वत लेने के मामले में जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। सोशल मीडिया पर वायरल खबर के आधार पर डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने मामले की जांच के लिये संयुक्त जांच दल का गठन किया है। जांच दल को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
वायरल खबर में आरोप लगाया गया है कि विभिन्न प्रखंडों में आउटसोर्सिंग एजेंसी समानता कंपनी प्राईवेट लिमिटेड के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में लैब टेक्नीशियन, ओटी असिस्टेंट, एएनएम, जीएनएम और एमपीडब्ल्यू के पदों पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से प्रति व्यक्ति दो से तीन लाख रुपये तक कथित रूप से लिये गये हैं। खबर में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के कार्यालय में कार्यरत लिपिक रौशन कुमार और धीरज पाठक की कथित संलिप्तता का भी आरोप लगाया गया है।
मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपों की सत्यता का पता लगाने के लिये गठित संयुक्त जांच दल में एसी विकास कुमार राय को अध्यक्ष तथा गढ़वा के एसडीओ कुमार मयंक भूषण को सदस्य बनाया गया है। डीसी ने जांच दल को सभी संबंधित तथ्यों का गहनता से सत्यापन करने और स्पष्ट मंतव्य के साथ एक सप्ताह के अंदर संयुक्त जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक वायरल खबर में लगाये गये आरोपों को कथित आरोप के रूप में ही देखा जायेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0