मंडल डैम लंबित कार्यों में तेजी का निर्देश, डीसी बोले- प्रभावित परिवारों के पुनर्वास पर जोर

Oct 13, 2026 - 19:28
मंडल डैम लंबित कार्यों में तेजी का निर्देश, डीसी बोले- प्रभावित परिवारों के पुनर्वास पर जोर

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : समाहरणालय सभागार में डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में शहीद नीलांबर-पीतांबर उत्तर कोयल परियोजना (मंडल डैम) के अवशेष कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने और परियोजना में तेजी लाने को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में डूब क्षेत्र के प्रभावित परिवारों की मैपिंग, पुनर्वास और लंबित विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।

डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुये लंबित प्रक्रियाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न विभागों को भेजे गये प्राक्कलनों पर आवश्यक कार्रवाई करने और नियमित रूप से फॉलो-अप करने को कहा, ताकि लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

बैठक में डूब क्षेत्र के प्रभावित परिवारों की मैपिंग और पुनर्वास प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। डीसी ने संबंधित क्षेत्र के मुखिया, प्रमुख, वार्ड सदस्य, राशन डीलर तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित परिवारों को परियोजना, पुनर्वास और उपलब्ध सहायता राशि की जानकारी देने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की मैपिंग अभी बाकी है, उनकी प्रक्रिया पूरी की जाय। वहीं मैपिंग पूरी करा चुके परिवारों को पुनर्वास स्थल पर स्थानांतरित होने और नियमानुसार सहायता राशि प्राप्त करने के लिये जागरूक किया जाय। डीसी ने पुनर्वास और स्थानांतरण के लिये सहमत प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रूप से स्थानांतरित कराने के लिये आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश एसडीओ रंका और रंका एसडीपीओ को दिया।

उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान करते हुये स्थानांतरण प्रक्रिया को सुगम बनाने पर बल दिया। बैठक में एसपी आशुतोष शेखर, दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी एबी अब्राहम, एसी विकास कुमार राय, एसडीओ रंका मोहम्मद परवेज, एसडीओ गढ़वा कुमार मयंक भूषण, एसडीपीओ रंका रोहित सिंह, संबंधित बीडीओ, सीओ, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी और मंडल डैम क्षेत्र के प्रभावित लोग उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0