स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सीआरपीएफ ने श्री बंशीधर मंदिर परिसर में चलाया सफाई अभियान

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सीआरपीएफ ने श्री बंशीधर मंदिर परिसर में चलाया सफाई अभियान

Sep 20, 2026 - 19:30
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सीआरपीएफ ने श्री बंशीधर मंदिर परिसर में चलाया सफाई अभियान

श्री बंशीधर नगर : सीआरपीएफ 172 वीं बटालियन की ओर से रविवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत यहां श्री बंशीधर मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी शैलेंद्र कुमार वशिष्ठ, उप कमांडेंट जी मधु, विधायक अनंत प्रताप देव सहित सीआरपीएफ के जवानों ने हिस्सा लिया।

सफाई अभियान से पूर्व सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने श्री बंशीधर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी चंद्रशेखर तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान सीआरपीएफ अधिकारियों ने मंदिर के इतिहास और धार्मिक महत्व की भी जानकारी ली।श्री बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट के सलाहकार धीरेंद्र चौबे ने द्वितीय कमान अधिकारी शैलेंद्र कुमार वशिष्ठ को श्री बंशीधर मंदिर जी की तस्वीर भेंट कर तथा राधे-राधे लिखा पट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया। इसके बाद मंदिर परिसर, मंडप एवं खलिहान क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। झाड़ी और घास से भरे स्थानों की मशीनों के माध्यम से जवानों ने सफाई की। अभियान के दौरान सीआरपीएफ जवानों के साथ विधायक अनंत प्रताप देव एवं उनके सहयोगियों ने भी श्रमदान किया।

इसके बाद सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने राजा पहाड़ी शिव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी शैलेंद्र कुमार वशिष्ठ ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्री बंशीधर मंदिर परिसर को सफाई के लिये चुना गया है। उन्होंने कहा कि जहां भी सफाई की आवश्यकता थी, वहां जवानों, विधायक और उनके सहयोगियों ने मिलकर सफाई की। उन्होंने महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने का उल्लेख करते हुये कहा कि देश को स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित बनाने की जिम्मेदारी सभी नागरिकों की है।गंदगी को दूर करना भी देश सेवा का ही एक रूप है।

विधायक अनंत प्रताप देव ने सीआरपीएफ 172 वीं बटालियन के अधिकारियों और जवानों का श्री बंशीधर नगर में आकर सफाई अभियान चलाने के लिये स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया है। स्वच्छ वातावरण से बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है। उन्होंने श्री बंशीधर नगर अनुमंडल क्षेत्र एवं जिलेवासियों से अपने घर और आसपास के क्षेत्र को हमेशा स्वच्छ रखने की अपील की। कार्यक्रम में इंस्पेक्टर एसएम दुर्गा प्रसाद, एसएम यशवीर, इंस्पेक्टर आरो अमृतलाल, मेजर एसके पांडेय सहित सीआरपीएफ के कई जवान, पप्पू सिंह, रजनीकांत मधुर, खुशदिल सिंह उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0