श्री खाटू श्याम महोत्सव पर निकली भव्य निशान शोभायात्रा

Sep 22, 2026 - 18:28
श्री खाटू श्याम महोत्सव पर निकली भव्य निशान शोभायात्रा

बाबा श्याम के जयकारे से गुंजा श्री बंशीधर नगर

धार्मिक आयोजनों से मजबूत होती है सामाजिक एकता : अनंत

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : परिवर्तिनी एकादशी के अवसर पर श्री श्याम मंडल श्री बंशीधर नगर के तत्वावधान में आयोजित श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव को लेकर मंगलवार को बाबा श्री खाटू श्याम जी की भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ गायत्री शक्तिपीठ से हुआ। गायत्री शक्तिपीठ पहुंचने पर गायत्री परिवार के सदस्यों ने श्याम भक्तों का तिलक लगाकर स्वागत किया।

वाहन पर विराजमान बाबा श्री खाटू श्याम जी की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निशान शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुये ऐतिहासिक श्री बंशीधर मंदिर पहुंची। जहां बाबा श्री खाटू श्याम जी की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर की परिक्रमा की और शोभायात्रा कार्यक्रम स्थल प्लस टू हाईस्कूल मैदान पहुंचकर समाप्त हुई।

शोभायात्रा में श्रद्धालु अपने हाथों में बाबा का निशान लेकर खाटू नरेश की जय, श्याम बाबा की जय, खाटू धाम की जय, तीन बाणधारी की जय, शीश के दानी की जय और हारे के सहारे की जयकारे लगा रहे थे। भक्तों के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।

बाबा श्याम के भजनों पर भक्त जमकर झूमे और नाचे। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शोभा यात्रा में शामिल विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि श्री बंशीधर नगर की धरती हमेशा से धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की धरती रही है।

बाबा श्री खाटू श्याम जी की निशान शोभायात्रा में जिस तरह श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया, वह क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का परिचायक है। उन्होंने श्री श्याम मंडल के सदस्यों को आयोजन के लिये बधाई देते हुये कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने बाबा श्री श्याम से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और सभी लोगों के जीवन में खुशहाली की कामना की।

श्री श्याम की कृपा से हर वर्ष होगा महोत्सव : वीरेंद्र

श्री श्याम मंडल के व्यवस्थापक वीरेंद्र प्रसाद अग्रहरी ने बताया कि श्री बंशीधर नगर में पहली बार श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। निशान शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने भाग लिया, जिससे आयोजन को लेकर भक्तों में काफी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि बाबा श्री श्याम की कृपा रही तो हर वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान बाबा श्री श्याम का अलौकिक श्रृंगार, दिव्य ज्योत, पुष्प वर्षा, छप्पन भोग एवं श्री श्याम रसोई का आयोजन किया गया। संध्या में धनबाद के भजन गायक राहुल सोनी, भोपाल की रिया मालवीय और लखनऊ के कृष्ण शर्मा द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जायेगी। श्याम भक्तों के लिये महिला और पुरुषों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है।

शोभा यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी, उपाध्यक्ष संध्या देवी, श्री बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट के प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव, वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, जोखू प्रसाद, अजीत चौबे, ओमप्रकाश चौबे, विकास कमलापुरी, रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू, महेंद्र चंद्रवंशी, श्याम सुंदर राम रजनीश सिंह, व्यवस्थापक प्रकाश जायसवाल, रूपेश जायसवाल, मिक्की जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल थे।

श्री बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद किया गया वितरित

श्री श्याम ध्वज शोभायात्रा के दौरान श्री बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं फैशन शो के संचालक साहिल कमलापुरी, मोबाईल डॉट कॉम के संचालक विकास कुमार, पेप्सी एजेंसी के संचालक प्रियांशु जायसवाल एवं फ्रेंड रॉक ग्रुप की ओर से श्रद्धालुओं के लिये जलपान की व्यवस्था की गई तथा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 1