कधवन में 230 मुस्लिम मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की कोशिश
फर्जी फॉर्म 7 भरे जाने से मचा हड़कंप, मतदाताओं में भारी आक्रोश
निर्वाचन पदाधिकारी से निष्पक्ष जांच व दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : प्रखंड अंतर्गत कधवन गांव में करीब 230 मुस्लिम मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने को लेकर कथित प्रयास किये जाने का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद मतदाताओं में आक्रोश बढ़ गया है।
आक्रोशित मतदाताओं ने पंचायत के मुखिया फिरदौस अंसारी के नेतृत्व में बुधवार को अनुमंडल कार्यालय पहुंच कर विरोध जताया तथा निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
यह आरोप किसी और पर नहीं बल्कि भाजपा की ओर से नियुक्त किये गये बुथ लेबल एजेंट (बीएलए) रामविजय सिंह एवं राजू मेहता पर लगा है। हालांकि दोनों एजेंटों ने भी ग्रामीणों के समक्ष फॉर्म 7 भरे जाने की बात स्वीकार की है। निर्वाचन पदाधिकारी सह एसडीओ को दिये आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया गया है कि बूथ संख्या 271, 272 एवं 273 से संबंधित करीब 230 मुस्लिम मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के उद्देश्य से फर्जी तरीके से फॉर्म 7 भरकर संबंधित बीएलओ को आगे की प्रक्रिया के लिये फॉर्म सौंपकर बजापते उनसे रिसीविंग करा लिया गया। इसकी भनक लगते ही मतदाताओं के होश उड़ गये।
जीवित मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की कोशिश
एसडीओ को दिये गये शिकायत पत्र में दावा किया गया है कि जिन मतदाताओं के नाम से फॉर्म 7 भरे गये हैं, वे सभी जीवित हैं और वर्तमान में कधवन गांव के निवासी हैं। इसके बावजूद उनके नाम से फर्जी तरीके से फॉर्म 7 भरकर मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास किया गया।
बाद में मतदाताओं ने दोनों एजेंटों को बुलाकर बीएलओ से रिसीव कराये गये फॉर्म 7 की प्रति को भी अपने कब्जे में ले लिया है। शिकायत कर्ताओं का कहना है कि जो फॉर्म 7 भरा गया है वे संबंधित सभी फॉर्म 7 की प्रतियां भी मौजूद हैं।
दूसरे लोगों द्वारा हस्ताक्षर करने का भी आरोप
एसडीओ को दिये गये आवेदन में ग्रामीणों ने एक और गंभीर आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार कई फॉर्म 7 में संबंधित मतदाताओं की ओर से अन्य व्यक्तियों द्वारा स्वयं को आवेदक बताते हुये हस्ताक्षर किये गये हैं, जो फर्जी करने के पुख्ता प्रमाण हैं।
दो लोगों की भूमिका पर उठाये सवाल
ग्रामीणों ने आवेदन में उपलब्ध दस्तावेजों एवं स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी के आधार पर राम विजय सिंह, पिता स्व नगीना सिंह, निवासी भैसबेढ़वा एवं राजू मेहता, पिता घुरन मेहता, निवासी कधवन की भूमिका पर सवाल उठाये हैं। हालांकि दोनों लोगों ने भी फॉर्म 7 भरे जाने एवं बीएलओ से फॉर्म की रिसीविंग कराकर अपने पार्टी के कार्यालय में जमा करने की बात स्वीकार की है।
शिकायत करने वालों में
शिकायत करने वालों में मुखिया फिरदोस अंसारी, सफी शेख, वकील अंसारी, कुदुस अंसारी, असलम अंसारी, जफर इकबाल, जब्बार अंसारी, अहमद अंसारी, चंगेज अंसारी, फिरोज आलम, अंजार हुसैन, लाल मोहम्मद अंसारी, मोख्तार अंसारी, हामिद अंसारी, वाहिद साह, नसीम अंसारी, हजरत अली, नजुबुल्लाह अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के नाम शामिल हैं।
क्या कहते हैं एसडीओ
निर्वाचन पदाधिकारी सह एसडीओ प्रभाकर मिर्धा ने कहा कि ग्रामीणों के द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है यह गंभीर मामला है, पूरे मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने मतदाताओं को आश्वस्त करते हुये कहा कि मतदाताओं को डरने की जरूरत नहीं है किसी भी मतदाता का नाम बिना कारण के मतदाता सूची से नहीं हटाया जायेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
2
Sad
1
Wow
1