दिशा के सदस्य देवेश तिवारी ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र शेखावत की मुलाकात

Jul 31, 2026 - 14:27
दिशा के सदस्य देवेश तिवारी ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र शेखावत की मुलाकात

श्री बंशीधर मंदिर के समग्र विकास व कॉरिडोर निर्माण का प्रस्ताव सौंपा

वैभव विद्यार्थी

 नई दिल्ली : झारखंड राज्य स्तरीय दिशा समिति (केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय) के सदस्य देवेश तिवारी ने गढ़वा जिले के ऐतिहासिक श्री बंशीधर मंदिर के समग्र विकास और मंदिर कॉरिडोर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल किया है। उन्होंने शुक्रवार को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर ऐतिहासिक श्री बंशीधर मंदिर के समग्र विकास, मंदिर कॉरिडोर निर्माण तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने संबंधी विस्तृत प्रस्ताव सौंपा।

देवेश तिवारी ने केंद्रीय मंत्री श्री शेखावत को मंदिर से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों से अवगत कराते हुए कहा कि श्री बंशीधर मंदिर पूर्वी भारत के प्रमुख एवं प्राचीन वैष्णव तीर्थस्थलों में शामिल है। यहां झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कई अन्य राज्यों से प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने मंदिर परिसर के समग्र पुनर्विकास, ऐतिहासिक एवं स्थापत्य विरासत के संरक्षण, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के विकास तथा श्री बंशीधर नगर को राष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मंदिर के लिए विस्तृत व्यवहार्यता अध्ययन (फीजिबिलिटी स्टडी) और समेकित मास्टर प्लान तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। उनका कहना था कि इस परियोजना के साकार होने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

देवेश तिवारी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक जैसी परियोजनाओं की तर्ज पर यदि श्री बंशीधर मंदिर का भी समग्र विकास होता है तो यह झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के धार्मिक पर्यटन के लिए एक नया अध्याय साबित होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0