मिठाई में मिलावट पर चला प्रशासन का डंडा, दो कारखाने सील
शिवम स्वीट्स व न्यू शिवम स्वीट्स पर 50-50 हजार रुपये का लगा जुर्माना
230 किलो संदिग्ध रसगुल्ला किया गया नष्ट
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : रक्षाबंधन, दीपावली समेत आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन ने गुरुवार को मिठाई दुकानों और कारखानों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। डीसी पशुपति नाथ मिश्रा एवं एसडीओ श्री बंशीधर नगर के निर्देश पर अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आरएस सिंह, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी किरण हेमब्रम एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल के नेतृत्व में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान पूर्णानगर स्थित शिवम् स्वीट्स के कारखाने में 120 किलो संदिग्ध रसगुल्ला और 10 किलो परवल मिठाई मिली। परवल मिठाई में हरे रंग की अधिकता पाई गई। अधिकारियों ने दोनों मिठाईयों को मौके पर नष्ट करा दिया। कारखाने में साफ-सफाई की कमी भी मिली। खोआ मिठाई के दो नमूने जांच के लिये लिये गये।
खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर कारोबारी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही कारखाने को अगले आदेश तक सील कर दिया गया। न्यू शिवम् स्वीट्स के कारखाने में भी भारी गंदगी और जलजमाव मिला। यहां 100 किलो संदिग्ध रसगुल्ला नष्ट कराया गया और छेना का सैंपल जांच के लिये लिया गया। यहां भी संचालक पर 50 हजार रुपये जुर्माना लगाने के साथ कारखाना सील कर दिया गया।
वहीं खप्पर बाबा स्वीट्स के कारखाने में व्यवस्था मानक के अनुरूप मिली। वहां से रसगुल्ला और परवल मिठाई के नमूने लिये गये। संतोष स्वीट्स, सुमित स्वीट्स, बंशीधर स्वीट्स, श्री लक्ष्मी हरि स्वीट्स एवं अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट की भी जांच हुई। अनिकेत पैलेस में खराब पनीर नष्ट कराया गया। शिवम् स्वीट्स से मिठाई का सिरा साफ करने में इस्तेमाल होने वाला इंडस्ट्रियल हाईड्रा जब्त किया गया।
अधिकारियों ने सभी कारोबारियों को बिना लाईसेंस खाद्य कारोबार नहीं करने, मिठाईयों को ढंककर रखने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मी विवेक तिवारी, संतोष कुमार आदि मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0