वन विभाग में अधिकारियों का टोटा
नगर ऊंटारी के रेंजर संभाल रहे हैं कई रेंज का प्रभार, वन कार्य प्रभावित
फॉरेस्ट सर्वे इंडिया के रिपोर्ट में वन क्षेत्र के बढ़ोतरी में गढ़वा उतरी वन प्रमंडल को मिला सर्वश्रेष्ठ स्थान
नीलू चौबे
श्री बंशीधर नगर : गढ़वा जिले में वन विभाग में अधिकारियों का टोटा है। यहां अधिकारियों की कमी होने एवं लगातार अतिरिक्त प्रभार बढ़ने से विभागीय कामकाज चुनौती बनते जा रही है। गढ़वा उत्तरी वन प्रमंडल अंतर्गत नगर ऊंटारी रेंज के रेंजर प्रमोद कुमार वर्षों से कई महत्वपूर्ण वन क्षेत्रों का प्रभार संभाल रहे हैं। वे गढ़वा एवं पलामू दोनों जिले के कई वन क्षेत्रों के प्रभार में हैं।
जानकारी के अनुसार नगर ऊंटारी के रेंजर प्रमोद कुमार के पास गढ़वा उत्तरी वन प्रमंडल के अंतर्गत नगर ऊंटारी के साथ साथ भवनाथपुर एवं गढ़वा वन क्षेत्र पदाधिकारी का प्रभार है। वहीं गढ़वा सामाजिक वन प्रमंडल के अंतर्गत नगर ऊंटारी, भवनाथपुर, गढ़वा, चैनपुर एवं छतरपुर के वन क्षेत्र पदाधिकारी की जिम्मेदारी भी उनके पास है। इसके अलावा वे मेदिनीनगर वन प्रमंडल के मोहम्मदगंज वन क्षेत्र के भी प्रभार में हैं।
इतना ही नहीं पिछले एक माह से वे गढ़वा उत्तरी वन प्रमंडल के सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) के प्रभार में भी हैं। ऐसे में एक अधिकारी के जिम्मे कई वन क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियों का होना विभागीय कार्यों की गति और निगरानी पर सवाल खड़े करता है। हालांकि इन तमाम अतिरिक्त जिम्मेदारियों के बीच प्रमोद कुमार के कार्यकाल की एक उपलब्धि भी उल्लेखनीय रही है।
वर्ष 2021-23 के फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में वन क्षेत्र में 11.58 की वृद्धि के मामले में गढ़वा उत्तरी वन प्रमंडल को सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त हुआ है। पर्यावरण संरक्षण और विभागीय कार्यप्रणाली के लिहाज से इसे उपलब्धि माना जा रहा है। लेकिन इन सबके बीच एक गंभीर सवाल यह है कि जब एक अधिकारी के पास इतने क्षेत्रों का प्रभार है, तो क्या प्रत्येक क्षेत्र में नियमित निरीक्षण, अवैध कटाई पर निगरानी, वन संरक्षण और विभागीय योजनाओं की प्रभावी मॉनियटरिंग संभव है?
शायद विभाग भी इस सवाल से अनजान नहीं है, लेकिन जैसे तैसे काम चलाने के लिये मशहूर वन विभाग इसे नियमावली बना लिया है। वन विभाग को कामकाज के अपने पुराने तौर तरीके को बदलकर बदलते समय के साथ वन और वन्य प्राणियों के संरक्षण के लिये नई और बेहतर तकनीक का उपयोग करने की जरूरत है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
1
Love
0
Funny
0
Angry
1
Sad
0
Wow
0