पीएम श्री हाईस्कूल जतपुरा के प्रभारी हेडमास्टर का तुगलकी फरमान! क्लर्क से पढ़ाई, शिक्षक को आराम

Jul 31, 2026 - 15:00
पीएम श्री हाईस्कूल जतपुरा के प्रभारी हेडमास्टर का तुगलकी फरमान! क्लर्क से पढ़ाई, शिक्षक को आराम

नीलू चौबे

श्री बंशीधर नगर : प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री हाईस्कूल जतपुरा के प्रभारी हेडमास्टर रमोद कुमार के तुगलकी फरमान से शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गये हैं। सबसे चौंकाने वाली बात है कि स्कूल के क्लर्क से शैक्षणिक कार्य कराया जा रहा है। जबकि शिक्षकों को आराम दी गई है। जानकारी के अनुसार पीएम श्री हाईस्कूल जतपुरा के प्रभारी हेडमास्टर रमोद कुमार ने स्कूल में कक्षा संचालन को लेकर रूटीन चार्ट तैयार किया है।

रूटीन चार्ट में कक्षा संचालन एवं कार्य विभाजन में भारी गड़बड़ी की गई है। यहां क्लर्क अभिषेक शुक्ला को शिक्षण कार्य की जिम्मेदारी सौंप दी गई है, जो नियमों के विपरीत है। जबकि कई योग्य शिक्षकों को आराम देते हुये उनसे एमडीएम संचालन व स्कूल का अन्य काम लिया जा रहा है। वहीं कई ऐसे शिक्षक हैं जिनसे एक साथ कई कक्षा का संचालन करने की जिम्मेवारी दी गई है।

उक्त रूटीन चार्ट के अनुसार स्कूल की शिक्षिका कुमारी इंदु को लंच के बाद एक ही समय में कक्षा एक से लेकर पांच तक के संचालन का आदेश दिया गया है। इसी प्रकार शिक्षिका कुमारी रंजना को तीसरी घंटी में एक साथ कक्षा एक, दो एवं पांच के संचालन की जिम्मेवारी दी गई है। शिक्षक संजीव कुमार सिंह को भी एक ही समय में कक्षा चार एवं पांच के बच्चों को अंग्रेजी विषय पढ़ाने का दायित्व सौंपा गया है।

हैरानी की बात यह भी है कि कई शिक्षकों को लंच के बाद एक भी कक्षा नहीं दी गई है। ऐसे शिक्षक कार्यालय में बैठकर गप्पे हांकते हैं, उन्हें बच्चों के भविष्य की तनिक भी चिंता नहीं है। अब सवाल यह है कि जब स्कूल में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हैं, तो फिर क्लर्क से शिक्षण कार्य क्यों कराया जा रहा है?

एक शिक्षक कई क्लास को संचालित कर सकता है? क्या यह शिक्षा कानून के नियमों का उल्लंघन नहीं है? कुल मिलाकर स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर रमोद कुमार के तुगलकी फरमान से जहां शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं बच्चों का भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 1
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0