मंदिर हमारे देश की पहचान : राज्यपाल
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि मंदिर हमारे देश की पहचान हैं। वे सोमवार को यहां श्री बंशीधर मंदिर में दर्शन पूजन के बाद ट्रस्ट की ओर से विवाह मंडप में आयोजित स्वागत समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि यह प्रभु की कृपा है कि आज उन्हें यहां आने का अवसर मिला है। श्री बंशीधर जी का दर्शन कर वे काफी अभिभूत हैं।
राज्यपाल ने कहा कि श्री बंशीधर मंदिर को देखने के बाद यहां की आस्था, प्रेम और विश्वास की गहराई का एक अलग ही एहसास हो रहा है। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लगा। मंदिर के विकास को लेकर लोगों द्वारा दिये गये सुझावों पर वे मुख्यमंत्री से बात कर मंदिर को और विकसित करने की दिशा में प्रयास करेंगे।
राज्यपाल ने विधायक अनंत प्रताप देव से मंदिर के विकास से संबंधित प्रस्ताव एवं पत्र उन्हें उपलब्ध कराने तथा रांची में मुलाकात करने को कहा। स्वागत भाषण देते हुये विधायक अनंत प्रताप देव ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के श्री बंशीधर नगर आगमन पर आभार जताया। उन्होंने राज्यपाल को श्री बंशीधर मंदिर के इतिहास और धार्मिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
विधायक ने बताया कि करीब दो सौ वर्ष पूर्व नगरगढ़ की राजमाता शिवमानी देवी को स्वप्न में भगवान श्री बंशीधर जी के दर्शन हुये थे और उन्हें अपने यहां लाने का संदेश मिला था। इसके बाद बांकी नदी के तट पर भगवान श्री बंशीधर जी विराजमान हुये हैं। विधायक ने राज्यपाल से कहा कि यदि उनकी दृष्टि नगर ऊंटारी पर पड़ जाय तो निश्चित रूप से मंदिर एवं इस क्षेत्र का भी विकास होगा।
उन्होंने राज्यपाल को एक बार फिर श्री बंशीधर नगर आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि यहां श्री बंशीधर महोत्सव का आयोजन भी किया जाता है। विधायक ने नगर ऊंटारी वासियों की ओर से राज्यपाल का आभार प्रकट किया। वरिष्ठ पत्रकार एवं ट्रस्ट के सलाहकार धीरेन्द्र कुमार चौबे ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सम्मान में अभिनंदन पत्र को पढ़कर उन्हें सौंपा।
इससे पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव, नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी, ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश प्रताप देव, संरक्षक दीपक प्रताप देव, प्रकाश प्रताप देव, राजरत्न प्रताप देव एवं मानवेंद्र प्रताप देव ने राज्यपाल को बुके, शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं ट्रस्ट के सलाहकार धीरेन्द्र कुमार चौबे ने किया। उस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0