कवलदाग जंगल में पिस्तौल के बल पर अपाची बाईक लूटी
बंशीधर न्यूज
भवनाथपुर : भवनाथपुर-कांडी मुख्य पथ स्थित कवलदाग जंगल में एक बाईक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर अपाची बाईक लूट ली। घटना के बाद आरोपी भवनाथपुर की ओर फरार हो गये। पीड़ित की सूचना पर भवनाथपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार केतार थाना क्षेत्र के परसोडीह निवासी मुना विश्वकर्मा टाईल्स मिस्त्री का काम करते हैं।
रविवार को चौबे-मझिगांवा में काम करने के बाद वह गांव के ही हेल्पर प्रवेश साह के साथ अपनी अपाची बाईक से भवनाथपुर निवासी मंजर अंसारी के घर काम करने जा रहे थे। कवलदाग जंगल में शौच के लिये बाईक रोकने के दौरान बुलेट पर सवार तीन नकाबपोश युवक पहुंचे। पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने उनसे भवनाथपुर, खरौंधी और श्री बंशीधर नगर की दूरी पूछी। जानकारी लेने के बाद वे आगे निकल गये।
इसके बाद मुना भी बाईक से भवनाथपुर की ओर बढ़े। जंगल के बीच बदमाशों ने उनकी बाईक में टक्कर मारने का प्रयास किया। किसी तरह दोनों गिरने से बच गये। इसी दौरान दो बदमाशों ने उतरकर उनके साथ मारपीट की और पिस्तौल दिखाकर बाईक लूट ली। इसके बाद तीनों भवनाथपुर की ओर भाग निकले। घटना की जानकारी मुना ने दूरभाष से मंजर अंसारी को दी। मंजर ने भवनाथपुर पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद थाना प्रभारी रजनी रंजन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल की जांच में जुट गये। पुलिस ने आसपास के थानों को भी सूचना देकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश भवनाथपुर बाजार होते हुये तेज गति से श्री बंशीधर नगर की ओर भागे। खबर लिखे जाने तक पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत नहीं दी थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0