पुलिस पदाधिकारियों से कथित गाली-गलौज पर भड़का एसोसिएशन, आंदोलन की चेतावनी

Aug 27, 2026 - 18:59
पुलिस पदाधिकारियों से कथित गाली-गलौज पर भड़का एसोसिएशन, आंदोलन की चेतावनी

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा पुलिस पदाधिकारियों से कथित तौर पर गाली-गलौज किये जाने के आरोप को लेकर गढ़वा पुलिस एसोसिएशन ने कड़ी नाराजगी जताई है। गुरुवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित चौबे एवं सचिव उदय सिंह ने प्रेसवार्ता कर घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि पुलिस पदाधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

अध्यक्ष रोहित चौबे ने आरोप लगाया कि विधायक जयराम महतो ने फोन पर एक पुलिस पदाधिकारी से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुये गाली-गलौज की। उन्होंने कहा कि घटना से पूरा पुलिस परिवार आहत है। किसी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ शिकायत या कार्रवाई की मांग के लिये संवैधानिक और विभागीय प्रक्रिया निर्धारित है।

किसी भी समस्या का समाधान उसी प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिये। बालू से जुड़े मामले का जिक्र करते हुये श्री चौबे ने कहा कि पुलिस का काम बालू बेचना नहीं है। यदि खनन विभाग द्वारा किसी बालू लदे वाहन के खिलाफ कार्रवाई की गई है तो संबंधित मामले को विधायक विधानसभा के माध्यम से उठा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई को लेकर असहमति हो सकती है, लेकिन गाली-गलौज किसी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि गढ़वा पुलिस एसोसिएशन केंद्रीय पुलिस एसोसिएशन के साथ खड़ा है। पुलिस पदाधिकारियों के सम्मान और अधिकार से जुड़े मामले का उचित समाधान नहीं होने पर एसोसिएशन आंदोलन का रास्ता अपना सकता है।

एसोसिएशन ने कहा कि पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिये लगातार अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना जरूरी है। प्रेसवार्ता के दौरान एसोसिएशन ने पूरे मामले में उचित कार्रवाई की मांग की और कहा कि पुलिसकर्मियों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जायेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0