जर्जर सड़क पर अनियंत्रित होकर खेत में उतरी बस, 50 यात्री बाल-बाल बचे

Aug 18, 2026 - 17:36
जर्जर सड़क पर अनियंत्रित होकर खेत में उतरी बस, 50 यात्री बाल-बाल बचे

बंशीधर न्यूज

उंटारी रोड : उंटारी-चेचरिया रेल फाटक से दवाड़ पर होते हुये छत्तीसगढ़ से जपला जा रही यात्रियों से भरी रॉयल बस मंगलवार की सुबह शिव संपत धाम के समीप जर्जर सड़क पर अनियंत्रित होकर खेत में उतर गई। बस में सवार करीब 50 यात्री बाल-बाल बच गये। हादसे के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिये अफरातफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दूसरी गाड़ी के सहारे दुर्घटनाग्रस्त बस को खेत से बाहर निकाला गया। बताया जाता है कि उक्त सड़क लंबे समय से जर्जर है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं। बारिश के बाद गड्ढों में पानी जमा रहने से वाहन चालकों को उनकी गहराई और स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता। इसी कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और होती भी है।

एक दिन पहले सांसद से की थी सड़क निर्माण की मांग

सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर उंटारी के सांसद प्रतिनिधि डॉ योगेंद्र सिंह ने एक दिन पहले ही सांसद को जानकारी देते हुये इसके निर्माण की मांग की थी। इसके बावजूद मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

एलएचएस की कम ऊंचाई से बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार रेल लाईन के नीचे बने एलएचएस (लिमिटेड हाईट सबवे) की ऊंचाई कम होने के कारण बड़ी गाड़ियों के आवागमन में परेशानी होती है। यही वजह है कि कई बड़ी गाड़ियां इसी जर्जर मार्ग से होकर गुजरती हैं। लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क का निर्माण कराने तथा जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0