ऑपरेशन विश्वास के तहत गढ़वा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, लौटाये 57 मोबाईल

Aug 25, 2026 - 20:03
ऑपरेशन विश्वास के तहत गढ़वा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, लौटाये 57 मोबाईल

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : आमजनों का पुलिस पर भरोसा मजबूत करने के उद्देश्य से चलाये जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन विश्वास के तहत गढ़वा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक माह के अभियान में पुलिस ने गढ़वा सहित अन्य जिलों और राज्यों से गुम व चोरी हुये 57 मोबाईल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिये।

एसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मोबाईल धारकों को उनके फोन हस्तगत कराये गये। पुलिस ने विभिन्न थानों में दर्ज सनहा और सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की। इससे पहले पिछले माह 79 मोबाईल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाये गये थे। इस तरह अभियान के तहत अब तक 136 मोबाईल फोन बरामद कर वास्तविक धारकों को सौंपे जा चुके हैं।

थानावार बरामदगी में गढ़वा नगर थाना से आठ, मेराल, भवनाथपुर, रंका, रमकंडा व नगर उंटारी से पांच-पांच, चिनिया व धुरकी से चार-चार, खरौंधी व बरडीहा से तीन-तीन, भंडरिया, डंडई, मझिआंव व विशुनपुरा से दो-दो तथा डंडा, रमना और कांडी से एक-एक मोबाईल शामिल है। इस दौरान एसपी ने लोगों को सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, यौन अपराध और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने आपातकालीन हेल्पलाईन 112 और साइबर हेल्पलाईन 1930 के महत्व की जानकारी दी। साथ ही सीईआईआर पोर्टल पर मोबाईल गुम होने की ऑनलाईन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई। मौके पर गढ़वा थाना प्रभारी, रंका थाना प्रभारी, रमकंडा थाना प्रभारी, भंडरिया थाना प्रभारी, चिनिया थाना प्रभारी, डंडा थाना प्रभारी समेत कई थाना प्रभारी, पुलिस बल के जवान आदि मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0