लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी : डीसी

Aug 24, 2026 - 19:35
लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी : डीसी

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : समाहरणालय सभागार में सोमवार को डीसी-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विभागवार योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी ली गई। इस दौरान डीएमएफटी, अनटाइड फंड, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, वेलफेयर फंड और एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट फंड समेत अन्य योजनाओं की विस्तार से समीक्षा हुई।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित एवं अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाली योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाय। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उदासीनता स्वीकार नहीं की जायेगी।

उन्होंने सभी कार्यपालक अभियंताओं एवं संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने तथा कार्यों की वास्तविक प्रगति की जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। आवंटित राशि का नियमानुसार एवं समयबद्ध उपयोग करने तथा वित्तीय और भौतिक प्रगति में संतुलन बनाये रखने पर भी जोर दिया गया।

डीसी ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान करने और जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, निदेशक डीआरडीबी सुकेशनी करकेट्टा, प्रभारी योजना पदाधिकारी रमन कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अर्चना सिन्हा, जिला अभियंता समेत राष्ट्रीय उच्च पथ, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य, भवन, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत, लघु सिंचाई, कृषि, खनन, खेल, कौशल, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0