नशे के कारोबार पर प्रशासन सख्त, नशामुक्त गढ़वा अभियान चलेगा
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जिले में मादक पदार्थों की खेती, तस्करी, अवैध बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिये जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। बुधवार को डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में एनकॉर्ड (नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन) कमेटी की बैठक हुई। इसमें नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने और इसके दुष्प्रभावों से लोगों को बचाने के लिये ठोस रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक और ड्रग इंस्पेक्टर ने अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी डीसी को दी। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने स्तर पर की जा रही गतिविधियों की जानकारी साझा की। मौके पर डीसी ने कहा कि जिले में अफीम, गांजा, चरस और अन्य मादक पदार्थों की खेती तथा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई जिले की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिये जरूरी है। डीसी ने जिला ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देश दिया कि बिना डॉक्टर की पर्ची के कफ सिरप और नशीली दवाओं की बिक्री नहीं होनी चाहिये। इसके लिये दवा दुकानों के स्टॉक की नियमित जांच की जाय। जरूरत पड़ने पर पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी भी की जाय।
बैठक में नशे के दुष्परिणामों से विद्यार्थियों और आम लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। डीईओ, डीएसई और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में नशा विरोधी अभियान चलाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन, तस्करी और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिये डीसी ने सभी एसडीओ और एसडीपीओ को नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ही नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। बैठक में दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी एबी अब्राहम, डीएसपी यशोधरा, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा राजेश कुमार, डीईओ जगन्नाथ लोहरा, डीएसई अनुराग मिंज, अधीक्षक उत्पाद, जिला तंबाकू नियंत्रण पदाधिकारी और ड्रग इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
वहीं जिले के सभी एसडीओ, एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ, बीईईओ और थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। डीसी ने आम लोगों से अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर प्रशासन को सूचित करें। इसके लिये टोल फ्री नंबर 14416 और 1800-89-14416 जारी किये गये हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0