हर-हर महादेव के जयकारे से गुंजाशिव पहाड़ी गुफा
कांवड़ यात्रा में पहुंचे दीपक प्रताप देव कहा, जरूरत के समय जनता के साथ खड़ा रहने वालों को चुनें
बंशीधर न्यूज
भवनाथपुर : प्रसिद्ध एवं प्राचीन शिव पहाड़ी गुफा सोमवार को आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर रहा। भव्य कांवड़ यात्रा एवं जल यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवरिया शामिल हुये। पूरा इलाका हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। कार्यक्रम में युवा नेता दीपक प्रताप देव भी शिव पहाड़ी गुफा पहुंचे और श्रद्धालुओं व समिति के लोगों से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
दरअसल कांवड़ यात्रा से एक-दो दिन पहले शिव पहाड़ी गुफा कमेटी के सदस्य रास्ते की खराब स्थिति की समस्या लेकर दीपक प्रताप देव के भोजपुर गढ़ स्थित आवास पहुंचे थे। कमेटी के लोगों ने बताया था कि यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, लेकिन रास्ता खराब होने के कारण उन्हें परेशानी हो सकती है।
कमेटी की समस्या सुनने के बाद दीपक प्रताप देव ने तत्काल पहल की। यात्रा से एक दिन पहले ही संबंधित रास्ते पर सड़क निर्माण का काम पूरा करा दिया गया, जिससे सोमवार को कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।सोमवार को कांवड़ यात्रा भवनाथपुर से शुरू होकर केतार स्थित पंडा नदी पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरा और कांवड़ लेकर वापस शिव पहाड़ी गुफा की ओर रवाना हुये। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
शिव पहाड़ी गुफा पहुंचने के बाद दीपक प्रताप देव ने मंच से लोगों को संबोधित किया। कहा कि जनता को ऐसे लोगों को पहचानने की जरूरत है, जो केवल चुनाव के समय नहीं आते, बल्कि जरूरत पड़ने पर उनके साथ हमेशा खड़े रहते हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिये आगे बढ़कर काम करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुये कहा कि वोट देते समय ऐसे प्रतिनिधि का चुनाव करें, जो चुनाव के बाद भी जनता के बीच रहे और जरूरत के समय उनकी मदद के लिये खड़ा हो।
इससे पहले शिव पहाड़ी गुफा कमेटी की ओर से दीपक प्रताप देव का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कमेटी ने उन्हें शिव पहाड़ी गुफा की प्रतिमा और तस्वीर भेंट कर सम्मानित भी किया। मौके पर थाना प्रभारी रजनी रंजन, चपरी पंचायत के मुखिया अनिल चौबे उर्फ मल्लू चौबे, शिव पहाड़ी गुफा कमेटी के अध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता सहित कमेटी के सदस्य, श्रद्धालु, स्थानीय लोग मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0