सोन-कनहर परियोजना की डीसी ने की समीक्षा, शेष कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : सोन-कनहर अंडरग्राउंड पाईपलाईन परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। डीसी-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में परियोजना की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीसी ने परियोजना के तहत अब तक हुये कार्य, शेष कार्य, निर्माण की वर्तमान स्थिति और सामने आ रही बाधाओं की जानकारी ली।
एलएंडटी के प्रतिनिधि ने बताया कि परियोजना के लिये प्रस्तावित तीन पंप हाउस में से दो का निर्माण पूरा हो चुका है। तीसरा पंप हाउस कांडी अंचल के मझिगांवा मौजा में वन विभाग की भूमि पर बनाया जाना है। इसके लिये वन विभाग से आवश्यक अनुमति मिल चुकी है। डीसी ने एजेंसी को बिना विलंब निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।
दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी ने बताया कि परियोजना के लिये चिह्नित पेड़ों के पातन को लेकर संयुक्त निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण मंगलवार तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद राज्य स्तरीय समिति से आवश्यक अनुमोदन की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। डीसी ने संयुक्त निरीक्षण शीघ्र पूरा कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। डीसी श्री मिश्रा ने कहा कि सोन-कनहर परियोजना क्षेत्र के विकास और आम लोगों की सुविधा के लिहाज से सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है।
उन्होंने पंप हाउस, अंडरग्राउंड पाईपलाईन, एनबीपीटी और बीपीटी समेत सभी शेष कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। एलएंडटी को दिसंबर 2026 तक योजना के शुभारंभ के लिये आवश्यक सभी कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।
उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुये स्पष्ट किया कि परियोजना में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बैठक में दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी इबी अब्राहन, एसी विकास कुमार राय, एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0