रेलवे ट्रैक पर रील बनाना पड़ा भारी, युवती के दोनों हाथ कटे
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : गढ़वा-नगर ऊंटारी रेलवे मार्ग पर जोबरईया गांव के समीप रील बनाने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में युवती के दोनों हाथ कट गये। जबकि शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवती की पहचान शहर के अशोक बिहार मोहल्ला निवासी धीरज सिंह की पुत्री पूर्णिमा कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पूर्णिमा कुमारी अपने कुछ दोस्तों के साथ जोबरईया गांव के समीप रेलवे लाईन के पास मोबाईल से रील बना रही थी। इसी दौरान वह रांची-चोपन ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों हाथ कट गये और वह गंभीर रूप से घायल होकर रेलवे लाईन के पास गिर पड़ी।
हादसे के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल उसे उठाकर इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुये चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिये उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। बेटी की गंभीर हालत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि युवती अपने दोस्तों के साथ रेलवे लाईन के पास मोबाईल से वीडियो बना रही थी। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0