पीएम श्री हाईस्कूल जतपुरा की बदहाल व्यवस्था उजागर

Jul 30, 2026 - 18:37
पीएम श्री हाईस्कूल जतपुरा की बदहाल व्यवस्था उजागर

200 बच्चों को मध्याहन भोजन करने के लिये सिर्फ 30 थालियां, स्टेट टीम ने लगाई फटकार

नीलू चौबे

श्री बंशीधर नगर : केंद्र सरकार जहां ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को निजी विद्यालयों जैसी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिये प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। वहीं स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना पर पानी फिर जा रहा है। इसका ताजा उदाहरण पीएम श्री हाईस्कूल जतपुरा में देखने को मिला, जहां गतदिनों स्टेट लेवल की जांच टीम के निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान पता चला कि विद्यालय में प्रतिदिन लगभग 200 बच्चों के लिये मध्याह्न भोजन तैयार किया जाता है, लेकिन भोजन परोसने के लिये स्कूल में मात्र 30 थालियां उपलब्ध हैं। ऐसे में बच्चों को बारी-बारी से भोजन करना पड़ता है, जिससे समय, स्वच्छता और व्यवस्था तीनों प्रभावित होती हैं।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों एवं सरकारी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं एवं हाईटेक शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से पीएम श्री स्कूल के रूप में विकसित किया है। इसके तहत विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के साथ शिक्षकों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। लेकिन पीएम श्री हाईस्कूल जतपुरा की वर्तमान स्थिति इस योजना की वास्तविक तस्वीर बयां कर रही है।

जानकारी के मुताबिक निरीक्षण के दौरान उपसचिव अनुप कुमार के नेतृत्व में स्टेट टीम ने स्कूल की अव्यवस्थित व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। टीम ने स्कूल प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुये तत्काल आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और मध्याह्न भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं में भी शीघ्र सुधार करने का निर्देश दिया।

टीम ने माना कि जब सरकार शिक्षा और बच्चों के पोषण पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, तब इस तरह की लापरवाही न केवल सरकारी योजनाओं की मंशा को कमजोर करती है, बल्कि बच्चों के अधिकारों के साथ भी खिलवाड़ है। अब देखना होगा कि स्कूल प्रबंधन निर्देशों का पालन कर व्यवस्था में कितना सुधार करता है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 1
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0