आजादी के 80 साल बाद भी नहीं बदली कुशडंड पंचायत की तस्वीर
गांव की सरकार भी गांव की तस्वीर बदलने में हुई नाकाम
दलदल में तब्दील सड़क पर चलने को मजबूर हैं ग्रामीण
नीलू चौबे
श्री बंशीधर नगर : आजादी के 80 वर्ष बीत जाने के बाद भी गांव की तस्वीर नहीं बदली है। गांव की सरकार बनी लेकिन गांव की बदहाली दूर करने में भी नाकाम रही है। पंचायत के विकास में करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी गांवों में आज भी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। गांव के विकास का सबसे बड़ा पैमाना सड़क एवं आवागमन की सुविधा को माना जाता है।
लेकिन जब सड़क ही बदहाल हो तो विकास की रफ्तार की पहिया आखिर कैसे दौड़ेगी? श्री बंशीधर नगर प्रखंड अंतर्गत कुशडंड पंचायत के गांवों की तस्वीर कुछ ऐसी ही हकीकत बयां कर रही है। कुशडंड पंचायत के छेरियाहा टोला, पीपल पेड़ के पास से मुखिया के घर होते हुये त्रिलोकी मेहता के घर तक, ककोरिया टोला अधौरी जाने वाली सड़क बरसात में दलदल में तब्दील हो चुकी है।
सड़क पर कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते होने के कारण लोगों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।
कई बार बच्चे एवं ग्रामीण रास्ते में फिसलकर गिर चुके हैं और घायल भी हुये हैं। जिससे उन्हें शारीरिक एवं आर्थिक कष्ट उठाना पड़ा है। सबसे दुर्भाग्य की बात है कि पंचायत की मुखिया कुमारी रेखा को भी अपने घर जाने के लिये भी अच्छी सड़क नहीं है। उन्हें भी वही कीचड़ और दलदल वाली नारकीय सड़क से गुजरना पड़ रहा है।
मुखिया ने विधायक व सांसद से लगाई गुहार, फिर भी सड़क में नहीं हुआ सुधार
कुशडंड पंचायत की मुखिया कुमारी रेखा ने कहा कि पंचायत में सड़क की समस्या काफी गंभीर है। बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी नारकीय हो गई है। उन्होंने बताया कि इसी रास्ते से स्कूल और पंचायत भवन तक लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाली से बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
मुखिया ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या को लेकर प्रखंड से लेकर विधायक एवं सांसद तक कई बार गुहार लगा चुकी हैं। लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन के सिवाय उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ है। विधायक अनंत प्रताप देव के द्वारा कुछ दिन पूर्व सड़क में मिट्टी मोरम डालकर सड़क को बनाया गया था। लेकिन बारिश होने के कारण सड़क दलदल में तब्दील हो गई है।
मिट्टी गिराने से और बिगड़ी स्थिति
मुखिया के अनुसार सड़क को दुरुस्त कराने के लिये विधायक अनंत प्रताप देव की ओर से कुछ दिन पूर्व मिट्टी मोरम डालकर सड़क बनवाई गई थी, लेकिन बारिश के बाद मिट्टी कीचड़ में बदल गई और सड़क की स्थिति पहले से भी अधिक खराब हो गई। अब इस रास्ते से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि कुशडंड गांव की आबादी करीब तीन हजार से अधिक है और इस मार्ग से बड़ी संख्या में ग्रामीणों का रोजाना आवागमन होता है। उनका कहना है कि मनरेगा योजना में सड़क निर्माण का प्रावधान नहीं है, लेकिन वीबी जी राम जी योजना के माध्यम से इस सड़क का निर्माण कराया जा सकता है।
सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, गांव के विकास की बुनियाद है : ग्रामीण
कुशडंड पंचायत के ग्रामीणों का कहना है कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि गांव के विकास की बुनियाद है। ऐसे में वर्षों से बदहाल सड़क को लेकर अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम की जरूरत है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दिनों में उन्हें दलदल भरे रास्ते से होकर गुजरने की मजबूरी से राहत मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0