प्रेमी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश नाकाम, तीन आरोपी गिरफ्तार

Aug 21, 2026 - 20:40

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुये 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिये शव को महुआ के पेड़ से लटका दिया था।

बुधवार सुबह बभनी गांव में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटके होने की सूचना पुलिस को मिली। मृतक की पहचान टप्पू रजवार के रूप में हुई। सूचना पर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुये एसपी के निर्देश पर डीएसपी दिल्लु लोहरा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। शुक्रवार को प्रेसवार्ता में डीएसपी ने बताया कि अनुसंधान और छापेमारी के दौरान सुनिल रजवार (32), उसके पिता रामप्यारी रजवार (60) और मनमतिया देवी (50) सभी बभनी निवासी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार टप्पू का सुनील की भतीजी से करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग था। मंगलवार रात नशे की हालत में टप्पू उनके घर के पास शादी की बात कह रहा था। इसी दौरान विवाद हुआ और आरोपियों ने घर के पीछे ले जाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सुनील की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रस्सी, मृतक का मोबाईल और गमछा बरामद किया है। डॉग स्क्वायड की जांच में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला था।

तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापामारी दल में डीएसपी दिल्लु लोहरा, पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, एसआई अनिल कुमार, एएसआई आनंद मिंज सहित पुलिस बल शामिल था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0