सड़क हादसे में मौत का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग रची थी हत्या की साजिश
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जिले के रंका थाना क्षेत्र में 5 जून को सड़क हादसे में हुई श्रीकांत रवि की मौत का मामला पुलिस जांच में कथित हत्या की साजिश के रूप में सामने आया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी मनीषा देवी ने अपने प्रेमी मो हसन के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। मामले में पुलिस ने मनीषा देवी, उसके प्रेमी मो हसन और पिकअप चालक परवेज अंसारी उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया है।
उक्त जानकारी एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि मनीषा देवी ने घटना के दिन अपने पति को मायके बुलाया था। रास्ते में बरवाही के सुनसान जंगल में कथित साजिश के तहत पिकअप से श्रीकांत की बाईक को पीछे से टक्कर मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुरुआत में घटना को अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई दुर्घटना मानकर रंका थाना कांड संख्या 79/26 दर्ज किया गया था। मृतक की मां शांति देवी के आवेदन के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ रंका रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मृतक, उसकी पत्नी और संदिग्ध मो हसन के मोबाईल का सीडीआर एवं टावर लोकेशन खंगाला।
पुलिस के अनुसार घटना के समय तीनों के बीच बातचीत तथा घटनास्थल के आसपास उनकी लोकेशन मिली। रामानुजगंज चेकनाका के सीसीटीवी फुटेज में मो हसन की अर्टिगा कार भी दिखाई दी। पुलिस ने 28 अगस्त को मो हसन को भंडरिया मोड़, गोदरमाना से अर्टिगा समेत हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने साजिश का खुलासा होने का दावा किया।
पुलिस के अनुसार हत्या के लिये एक लाख रुपये में सौदा तय हुआ था और पिकअप चालक को 50 हजार रुपये ऑनलाईन दिये गये थे। पुलिस ने अर्टिगा कार, पिकअप, दो मोबाईल फोन और ऑनलाईन भुगतान के स्क्रीनशॉट का प्रिंट जब्त किया है।
छापामारी दल में एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, पुनि सुभाष कुमार पासवान, थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी, अनिल हेम्ब्रम, सफीउल्लाह अंसारी सहित पुलिस बल शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0