गणेश पूजा के चंदे के नाम पर ट्रक चालकों से वसूली का आरोप, एक गिरफ्तार
बंशीधर न्यूज
रंका : गढ़वा जिले के गोदरमाना पुल के पास गणेश पूजा के नाम पर ट्रक चालकों से कथित अवैध चंदा वसूली का मामला सामने आया है। 27 अगस्त की रात करीब 11ः30 बजे ट्रक चालक मेराज अली के साथ मारपीट कर 10 हजार रुपये लूटने के मामले में रंका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये मुख्य आरोपी विक्की कुमार पासवान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके पास से लूट की रकम में से 2800 रुपये भी बरामद किये हैं। उक्त जानकारी एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के डुबा गांव निवासी ट्रक चालक मेराज अली ने रंका थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि गोदरमाना पुल के पास विक्की कुमार पासवान, विवेकानंद चौबे समेत करीब आठ अज्ञात लोगों ने उसे रोककर मारपीट की।
आरोपियों ने गणेश पूजा के चंदे के नाम पर उससे 10 हजार रुपये जबरन ले लिये और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को पिछले कई दिनों से गणेश पूजा समिति, बाजार समिति गोदरमाना के कुछ सदस्यों द्वारा रात के समय ट्रक चालकों को डराने-धमकाने और पूजा के नाम पर कथित अवैध वसूली किये जाने की शिकायतें मिल रही थीं।
डायल-112 और कंट्रोल रूम में भी इस संबंध में सूचनाएं प्राप्त हुई थीं। थाना प्रभारी द्वारा समिति के सदस्यों को कई बार ऐसी वसूली नहीं करने की हिदायत दी गई थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी मामले की जानकारी दी गई थी। बताया गया कि हिदायत के बावजूद वसूली जारी रही। ट्रक चालक ने घटना का वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया, जिसमें कथित रूप से मारपीट कर चंदा वसूलने की घटना दर्ज है।
मामले में रंका थाना कांड संख्या 128/26, दिनांक 28 अगस्त 2026 को बीएनएस की धारा 308(4)/308(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापेमारी कर रही है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी, एसआई शफीउल्लाह अंसारी, आरक्षी प्रमोद कुमार, ललु कुमार रवि शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0