जमीन हड़पने की नीयत से चाचा की गला दबाकर हत्या, भतीजा-मां गिरफ्तार
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जमीन के विवाद में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। डंडई थाना क्षेत्र के करके गांव स्थित यादव टोला में जमीन हड़पने की नीयत से भतीजे ने अपनी मां के साथ मिलकर सगे चाचा की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को मकई के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुये आरोपी भतीजे और उसकी मां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बुधवार को एसडीपीओ दिलू लोहार ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। एसडीपीओ ने बताया कि 24 अगस्त की शाम करीब पांच बजे पुलिस को मकई के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रजिन्द्र यादव उर्फ बुगी (पिता मिसिर यादव) के रूप में की। शव के सिर के पीछे और पैर में चोट के निशान मिले।
पोस्टमार्टम के बाद मृतक के साला बिगन यादव के बयान पर डंडई थाना में कांड संख्या 110/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना के उद्भेदन के लिये एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ दिलू लोहार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल गठित किया गया। जांच में मृतक का अपने बड़े भाई कन्हाई यादव, भतीजे मुन्नू यादव और भाभी मिला देवी के साथ जमीन को लेकर विवाद सामने आया।
पुलिस ने 25 अगस्त को मृतक के 20 वर्षीय भतीजे मुन्नू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चाचा जमीन का बंटवारा किये बिना उसे बेच रहे थे। चाचा की दो बेटियां होने के कारण जमीन हड़पने की नीयत से उसने हत्या की और मां मिला देवी के सहयोग से शव को खेत में फेंक दिया।
मुन्नू की निशानदेही पर पुलिस ने खेत से मृतक का एचएमडी कंपनी का की-पैड मोबाईल बरामद किया। आरोपी का रेडमी मोबाइल भी जब्त किया गया। मुन्नू यादव और उसकी मां मिला देवी (41) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, डंडई थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी, श्रीकांत कुमार, नवीन कुमार राणा समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0