​लोगों ने पौधों में रक्षासूत्र बांध कर लिया रक्षा का संकल्प

Aug 27, 2026 - 19:09
​लोगों ने पौधों में रक्षासूत्र बांध कर लिया रक्षा का संकल्प

बंशीधर न्यूज

रमना : बहियार खुर्द नदी तट वनरोपण क्षेत्र में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की रक्षा का संकल्प लेते हुए 'वृक्ष रक्षा बंधन' कार्यक्रम अत्यंत उत्साह गरिमामय और भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। रमना बीट वनकर्मियों के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं वन कर्मियों ने हिस्सा लिया। ​

विधिवत पूजा एवं सामूहिक शपथ ​कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। तत्पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने 'वन वंदना' की और प्रकृति की समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर एक सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने पेड़ों को अपना भाई मानकर उनकी सुरक्षा, संवर्धन और नए पौधे लगाने का संकल्प लिया। महिलाओं ने वृक्षों के तनों पर रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर उनकी रक्षा का वचन दिया।

​कार्यक्रम के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए वनपाल निरज कुमार मेहता ने कहा, वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। जिस प्रकार बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और सुरक्षा की कामना करती हैं, उसी प्रकार हमें भी प्रकृति और पेड़ों की रक्षा का संकल्प लेना होगा। वृक्ष रक्षा बंधन का यह पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

वहीं सत्यप्रकाश तथा महेंद्र प्रसाद गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जंगलों की कटाई से हो रहे जलवायु परिवर्तन को रोकने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें बचाए रखने की अपील की। ​​इस पावन अवसर पर रमना बीट के वनकर्मियों के साथ-साथ बहियार खुर्द एवं आसपास के गांवों की महिला-पुरुष, युवा तथा बुजुर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सभी ने एक स्वर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। मौके पर मुख्य रूप से प्रधान वन रक्षी प्रवीण कुमार शुक्ला , ध्रुव कुमार , बाबूलाल गुप्ता , विष्णु पासवान , रामसकल पासवान ,प्रिंस कुमार , प्रतिमा देवी , रतनी देवी , सुषमा देवी , सुगिया देवी , कमला कुंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0