19 दागियों की कराई गई परेड, एसडीपीओ ने ली गतिविधियों की जानकारी
बंशीधर न्यूज
विश्रामपुर : एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर विश्रामपुर पुलिस अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना व ओपी के 19 दागी एवं निगरानीशुदा व्यक्तियों की परेड कराई गई। एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने एक-एक कर सभी की वर्तमान स्थिति, गतिविधियों और आचरण की जानकारी ली। साथ ही उन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहकर सामान्य जीवन जीने की हिदायत दी।
एसडीपीओ ने कहा कि पुराना आपराधिक रिकॉर्ड किसी व्यक्ति की स्थायी पहचान नहीं है। आचरण और गतिविधियों में सुधार कर कोई भी व्यक्ति सामान्य जीवन की ओर लौट सकता है। उन्होंने दागी एवं निगरानीशुदा व्यक्तियों को वैध रोजी-रोजगार से जुड़ने तथा कानून का पालन करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि भविष्य में गतिविधियां सामान्य रहने और आपराधिक गतिविधियों से लगातार दूरी बनाये रखने पर नियमानुसार पुलिस रिकॉर्ड से नाम हटाने की अनुशंसा की जा सकती है। वहीं एसडीपीओ ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के दागी व निगरानीशुदा व्यक्तियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मौके पर पांडू अंचल पुलिस निरीक्षक रामाशीष पासवान, विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे, नौगढ़ा ओपी प्रभारी सुशील उरांव, नावाबाजार थाना प्रभारी संजय यादव एवं पांडू थाना प्रभारी विगेश कुमार राय मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0