सांसद ने की परियोजनाओं की समीक्षा, सड़क के गड्ढे एक सप्ताह में भरने के निर्देश
बंशीधर न्यूज
पलामू: सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय में जिले की विभिन्न सड़क परियोजनाओं और निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बरसात के कारण सड़कों पर बने गड्ढों, निर्माण कार्यों की स्थिति और विभिन्न क्षेत्रों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई। सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्गों के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सहायक समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एनएचएल के परियोजना निदेशक, विभिन्न विभागों के अभियंता और संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने पोलपोल बाईपास, मेदिनीनगर बाईपास और छतरपुर बाईपास समेत विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने बरसात के कारण सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया। रेड़मा से चियांकी तक सड़क पर बने गड्ढों को एक सप्ताह के भीतर भरने को कहा। बैठक में पड़वा री-एलाइनमेंट से संबंधित भूमि अधिग्रहण और विस्थापन की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ लाभुकों को मुआवजे का भुगतान किए जाने के बावजूद उन्होंने अब तक अपने घर खाली नहीं किए हैं।
इस पर सांसद ने एनएचएल के प्रतिनिधियों को संबंधित लोगों से वार्ता कर आपसी समन्वय के माध्यम से समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा। सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि सड़कों पर आम लोगों के साथ-साथ खास लोग भी चलते हैं। ऐसे में सड़कों का दुरुस्त रहना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने तथा कार्यों में आ रही बाधाओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द निराकरण करने पर जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि सड़क और आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन संबंधित विभागों को हरसंभव सहयोग देगा।
भूमि अधिग्रहण, अतिक्रमण, वन स्वीकृति और अन्य प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से काम करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे कराए जाएं।-
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0