वसूली के आरोप में निलंबित सीआई पर शिकंजा, विभागीय कार्रवाई शुरू

Oct 1, 2026 - 07:07
वसूली के आरोप में निलंबित सीआई पर शिकंजा, विभागीय कार्रवाई शुरू

पक्ष रखने के लिये नोटिस जारी

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : जमीन के म्यूटेशन व अपडेशन के नाम पर अवैध वसूली और फोन पे से पैसे लेने के आरोप में सस्पेंड रमना अंचल के सीआई दिवाकर सिंह पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। एसडीओ प्रभाकर मिर्धा ने नोटिस जारी कर उन्हें 23 अक्टूबर को अनुमंडल कार्यालय में उपस्थित होकर विभागीय कार्रवाई में अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।

जानकारी के अनुसार दिवाकर सिंह वर्तमान में निलंबित हैं और उनका मुख्यालय भंडरिया अंचल कार्यालय निर्धारित है। अनुमंडल कार्यालय की ओर से जारी नोटिस के अनुसार डीसी गढ़वा के आदेश पर दिवाकर सिंह के विरुद्ध आरोप पत्र गठित किया गया है। मामला 20 मई 2026 को फेसबुक पर वायरल हुये एक वीडियो से जुड़ा है।

 वीडियो में भूमि नामांतरण व अपडेशन के नाम पर कथित रूप से राशि लेने और काम नहीं होने पर राशि लौटाने की बात सामने आई थी। नोटिस में गिद्धि गांव निवासी संजय चंद्रवंशी के आरोप का भी उल्लेख है। उनके अनुसार, नामांतरण व अपडेशन के लिये राशि ली गई थी। मामले की विभागीय जांच के लिये एसडीओ को संचालन पदाधिकारी और रमना सीओ को प्रस्तोता पदाधिकारी बनाया गया है।

दिवाकर सिंह को निर्धारित तिथि पर कागजी साक्ष्य, स्पष्टीकरण और लिखित बचाव बयान प्रस्तुत करने को कहा गया है। अनुपस्थित रहने पर उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर विभागीय कार्रवाई पूरी की जायेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0