चेंबर चुनाव में विवाद का साया, मजाक बना चुनाव

Sep 29, 2026 - 16:04
चेंबर चुनाव में विवाद का साया, मजाक बना चुनाव

नीलू चौबे

श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव में विवादों का साया पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दो बार से चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिस तरह व्यवसायियों के बीच अमर्यादित व्यवहार और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वह किसी भी दृष्टि से व्यापारी हित में नहीं है। स्थिति ऐसी बन गई है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही उस पर विवाद का ठप्पा लग जा रहा है।

ऐसा लग रहा है मानो चेंबर चुनाव का बहुत बड़ा लाभप्रद पद का चुनाव हो। उल्लेखनीय है कि चेंबर ऑफ कॉमर्स की श्री बंशीधर नगर इकाई फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज रांची से संबद्ध है। करीब तीन वर्षों बाद होने वाले चुनाव को लेकर इस बार व्यवसायियों में खासा उत्साह था। शहर के कई प्रमुख व्यवसायी भी चुनाव मैदान में उतरे थे। इससे चुनाव काफी दिलचस्प होने की उम्मीद थी।

लेकिन नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के ऐन मौके पर कुछ व्यवसायियों और प्रत्याशियों के बीच उत्पन्न विवाद ने चुनाव की पूरी प्रक्रिया को प्रभावित कर दिया। पिछले वर्ष भी चेंबर चुनाव को लेकर ऐसी ही स्थिति उत्पन्न हुई थी। चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन व्यवसायियों के बीच विवाद होने के कारण चुनाव अधिकारी ने झारखंड चेंबर से मार्गदर्शन मांगा था। इसके बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया था।

अब अक्टूबर 2026 से सितंबर 2028 के सत्र के लिये होने वाले चुनाव में नामांकन के दौरान विवाद उत्पन्न होने से एक बार फिर चुनाव प्रक्रिया अधर में लटक गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी उदय प्रकाश जायसवाल ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी रांची चेंबर के अधिकारियों को दे दी है। अब वरीय अधिकारियों के निर्देश का इंतजार किया जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी या इसे लेकर कोई अलग निर्णय लिया जायेगा, यह वरीय अधिकारियों के निर्देश पर निर्भर करेगा।

लगातार दूसरी बार चुनाव प्रक्रिया में विवाद और गतिरोध उत्पन्न होने से व्यवसायियों के बीच भी चर्चा तेज है। चेंबर जैसी व्यापारिक संस्था के चुनाव में बार-बार ऐसी स्थिति उत्पन्न होना उसकी कार्यप्रणाली और चुनावी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0