विकास योजनाओं में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : समाहरणालय सभागार में डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएमएफटी, यूनाईटेड फंड, पीएचईडी, वेलफेयर फंड, एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट फंड समेत अन्य योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।
डीसी ने अधिकारियों से योजनावार प्रगति, वित्तीय व्यय और लंबित कार्यों की जानकारी ली। कुछ योजनाओं की प्रगति और कार्यों से संबंधित सवालों का सटीक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगली बैठक तक योजनाओं की प्रगति और अद्यतन स्थिति में स्पष्टता नहीं दिखी तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
डीसी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिन योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाय। वहीं जिन योजनाओं का कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है, उन्हें रोककर आवंटित राशि शीघ्र वापस करने का निर्देश दिया, ताकि नई योजनाएं ली जा सकें।
प्रगति पर चल रहे कार्यों को भी जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने तथा निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी कार्यपालक अभियंताओं एवं संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर वास्तविक प्रगति की जांच करने को कहा। डीसी ने कहा कि विकास कार्यों के लिये विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
जनहित की योजनाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुये समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाय। अनावश्यक विलंब, लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
बैठक में डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, निदेशक डीआरडीबी सुकेशनी करकेट्टा, प्रभारी योजना पदाधिकारी रमण कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अर्चना सिन्हा, जिला अभियंता समेत राष्ट्रीय उच्च पथ, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य, भवन, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत, जलपथ, लघु सिंचाई, कृषि, खनन, खेल, कौशल, मत्स्य एवं अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0