33 टेबलों पर तीन नगर निकायों की मतगणना, 66 से अधिक सहायकों की तैनाती

Feb 26, 2026 - 20:37
33 टेबलों पर तीन नगर निकायों की मतगणना, 66 से अधिक सहायकों की तैनाती

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : नगर निकाय चुनाव का मतगणना 27 फरवरी को सुबह आठ बजे से जिला मुख्यालय स्थित बाजार समिति के बनाये गये मतगणना केंद्र पर होगा। इसे लेकर प्रशासन ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है। मतगणना से संबंधित आवश्यक निर्देश और करणीय कार्य की जानकारी डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी दिनेश यादव ने दी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह डीसी ने गुरुवार को स्वयं गढ़वा कृषि उत्पादन बाजार समिति स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुये मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर बल दिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को सतर्कता और गंभीरता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने मतगणना कर्मियों को काउंटिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से ब्रीफिंग दी।

 स्ट्रांग रूम से पोल्ड बैलेट बॉक्स को सुरक्षित तरीके से काउंटिंग हॉल तक लाने, मतों की गिनती की विधि, गिनती के बाद की प्रक्रिया तथा विभिन्न प्रपत्रों के संधारण को लेकर विस्तृत जानकारी दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से पूरी की जायेगी। मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। तीनों नगर निकायों के लिये अलग-अलग टेबल और काउंटर बनाये गये हैं, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

 गढ़वा नगर परिषद चुनाव की मतगणना 14 टेबलों पर तीन चरण में संपन्न होगा। नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर की मतगणना 10 टेबलों पर तीन राउंड में होगी। इसी तरह नगर पंचायत मंझिआंव की मतगणना नौ टेबलों पर दो चरण में संपन्न होगी। इस तरह कुल 33 टेबलों के माध्यम से मतों की गणना की जायेगी। मतगणना को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए 33 से अधिक पर्यवेक्षकों और 66 से अधिक मतगणना सहायकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इसके अलावा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिये पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मतगणना कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जायेगा, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0